रुड़की।सोनी रोड़।राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (नेशनल बुक ट्रस्ट-एनबीटी), भारत सरकार द्वारा संयुक्त जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय रुड़की एवं जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) रामनगर के सहयोग से रुड़की में पहली बार इतने बड़े स्तर पर पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का शुभारंभ संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर कहा कि यदि उनके छात्र जीवन में भी ऐसी पुस्तक प्रदर्शनी और इतनी विविधतापूर्ण पुस्तकें उपलब्ध होतीं, तो वे स्वयं को और अधिक समृद्ध बना सकते थे। उन्होंने कहा कि किताबें व्यक्ति के ज्ञान, सोच और व्यक्तित्व का सबसे बड़ा आधार होती हैं, इसलिए सभी बच्चों, युवाओं और अभिभावकों क आदत विकसित करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि नगर निगम के सहयोग से स्कूलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लाइब्रेरी स्थापित करने की योजना पर भी नेशनल बुक ट्रस्ट के अधिकारियों से चर्चा की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग पुस्तकों से जुड़ सकें।
यह पुस्तक प्रदर्शनी 25 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET), रामनगर, रुड़की में आयोजित की जा रही है। प्रदर्शनी में एनबीटी द्वारा प्रकाशित हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू तथा विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं की पुस्तकें बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। यहां कहानी, उपन्यास, महापुरुषों की जीवनियां, विज्ञान, भारत और संस्कृति, प्रतियोगी परीक्षाओं, युवाओं तथा बच्चों से संबंधित पुस्तकों का विशेष संग्रह रखा गया है।
प्रदर्शनी में पुस्तकों की खरीद पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट दी जा रही है। वहीं, इच्छुक पाठक मामूली शुल्क देकर एनबीटी बुक क्लब की सदस्यता भी ले सकते हैं, जिसके बाद उन्हें आजीवन पुस्तकों की खरीद पर 20 प्रतिशत की छूट का लाभ मिलेगा।
आयोजकों ने शहर और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों तथा पुस्तक प्रेमियों से प्रदर्शनी का अधिक से अधिक लाभ उठाने और पुस्तक संस्कृति को बढ़ावा देने की अपील की है।


