हरिद्वार, 26 जुलाई। सोनी रोड़।कांवड़ मेला-2026 को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने व्यापक सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। शनिवार को पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित बहुउद्देशीय भवन में एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरुगेशन की अध्यक्षता में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई।

ब्रीफिंग में बताया गया कि कांवड़ मेले की सुरक्षा के लिए 6000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा 13 कंपनियां केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल, पीएसी, आईआरबी, होमगार्ड, पीआरडी, एसडीआरएफ, जल पुलिस एवं अन्य सुरक्षा बल भी मेले में ड्यूटी देंगे।
पूरे मेला क्षेत्र को 18 सुपर जोन, 40 जोन और 141 सेक्टर में विभाजित किया गया है। एसपी सिटी को कांवड़ मेले का नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि ग्रामीण क्षेत्र की जिम्मेदारी एसपी देहात संभालेंगे। यातायात एवं डायवर्जन व्यवस्था की कमान एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव के पास रहेगी।
मेले की निगरानी के लिए 10 ड्रोन कैमरे और सीसीटीवी नेटवर्क का उपयोग किया जाएगा। इसके अलावा बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड, घुड़सवार पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें भी 24 घंटे तैनात रहेंगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां पुलिस, फायर और मेडिकल टीम चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेगी।
एडीजी वी. मुरुगेशन ने सभी अधिकारियों और जवानों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने अफवाहों पर तत्काल कार्रवाई, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण तथा आपसी समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, आईजी एसटीएफ निलेश भरणे, कमिश्नर गढ़वाल आनंद स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह ने भी सुरक्षा बलों को संबोधित करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिसकर्मियों को मानसून को देखते हुए रेनकोट, टॉर्च और आवश्यक सामग्री साथ रखने, हर सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने तथा ड्यूटी के दौरान पूर्ण सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाना पुलिस एवं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


