रुड़की।सोनी रोड़।परशुराम स्वाभिमान सेना की ओर से प्रतिभावान छात्रों एवं समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 4 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10 बजे नगर निगम हॉल, रुड़की में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में ब्राह्मण एवं त्यागी समाज के प्रतिभावान युवाओं को सम्मानित किया जाएगा।

प्रेसवार्ता में परशुराम स्वाभिमान सेना के प्रदेश अध्यक्ष पं. दीपक पांडे ने बताया कि यदि ब्राह्मण या त्यागी समाज के किसी छात्र ने इस वर्ष 10वीं अथवा 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की है, तो वह प्रतिभा सम्मान के लिए आवेदन कर सकता है। संगठन का प्रयास है कि रुड़की एवं आसपास क्षेत्र के अधिक से अधिक प्रतिभावान छात्रों को इस कार्यक्रम से जोड़ा जाए।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक तथा मुख्य वक्ता सुनील भराला होंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय परशुराम परिषद के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील दत्त शर्मा, परशुराम स्वाभिमान सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय भारद्वाज, विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व विधायक बिजनौर सुबोध पाराशर, आई.पी.एस. कॉलेज के चेयरमैन विवेक शर्मा तथा पूर्व चेयरमैन नगर पालिका रुड़की दिनेश कौशिक सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम संयोजक सागर गौतम ने बताया कि प्रतिभाओं को समारोह में सम्मानित करने के साथ-साथ उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। 4 अक्टूबर तक आवेदन किए जा सकते हैं। अधिक से अधिक छात्रों तक जानकारी पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया और मीडिया के माध्यम से अभियान चलाया जा रहा है।
सुजल कौशिक ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और मनोबल को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। संगठन की ओर से समारोह को सफल बनाने के लिए तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।
प्रेसवार्ता में ओम त्यागी, सुजल कौशिक, नितिन त्यागी, तरुण शर्मा, सागर गौतम, अभय कौशिक, आकाश गौतम, उज्ज्वल पंडित, अर्चित शर्मा आदि मौजूद रहे।


