रुड़की।सोनी रोड़।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू होकर 2 अक्टूबर तक चल रहे स्वच्छता सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत नगर निगम रुड़की के बैंक्वेट हॉल में सोमवार को एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सिविल हॉस्पिटल, विनय विशाल हॉस्पिटल एवं भारत सरकार के सौजन्य से आयोजित किया गया।
कैंप में रुड़की के वरिष्ठ चिकित्सकों के साथ ही दिल्ली से आए प्रसिद्ध चिकित्सक भी शामिल हुए। डॉ. विनय विशाल, डॉ. राजीव बजाज डॉ विशाल धई सहित लगभग 15 विशेषज्ञ डॉक्टरों ने सैकड़ों लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। महिलाओं के लिए महिला रोग विशेषज्ञ भी मौजूद रहीं।

शिविर में ब्रांडेड दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया गया और टीवी (क्षयरोग) की रोकथाम हेतु विशेष जांच व एंबुलेंस की व्यवस्था की गई। सिविल अस्पताल के मैनेजर रामकेश गुप्ता ने बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आगे भी जारी रहेंगे, ताकि आमजन विशेषकर गरीब वर्ग लाभान्वित हो सके।

डॉ. विनय ने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य उन लोगों की सेवा करना है जो आर्थिक तंगी के कारण महंगे अस्पतालों में उपचार नहीं करा पाते।


