हरिद्वार, 28 सितंबर।सोनी रोड़।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में विभिन्न विभागों की योजनाओं, जिला योजना के तहत विकास कार्यों और मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़ी योजनाओं को निर्धारित समयसीमा और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला योजना के तहत स्वीकृत विकास कार्यों के लिए उपलब्ध धनराशि का शत-प्रतिशत और समयबद्ध उपयोग सुनिश्चित किया जाए। जिन विभागों में कार्यों की प्रगति धीमी है, वहां तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने प्रत्येक परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग और अद्यतन प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री की ओर से जनपद के लिए की गई घोषणाओं की विभागवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए और लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने सभी विभागों को यूकेगेम्स पोर्टल पर अपनी विभागीय परिसंपत्तियों का विवरण जल्द अपलोड करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की परिसंपत्तियों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करना आवश्यक है, इसलिए सभी विभाग निर्धारित प्रारूप में समय पर जानकारी उपलब्ध कराएं।
समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, निर्माण कार्यों, आधारभूत सुविधाओं और विकास परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचाने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि विकास कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


