हरिद्वार, 25 फरवरी 2026।
जनपद पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित सभागार में सैनिक सम्मेलन के उपरांत एसएसपी नवनीत सिंह की अध्यक्षता में माह जनवरी की अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय सिंह, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल सहित जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी मौजूद रहे।
बैठक में कप्तान नवनीत सिंह ने स्पष्ट कहा कि अब जिम्मेदारी केवल पद से नहीं बल्कि परफॉर्मेंस के आधार पर तय होगी। जघन्य अपराधों के सफल अनावरण पर टीमों की सराहना की गई, वहीं लंबित मामलों में शिथिलता बरतने वालों को कड़ी फटकार भी लगाई गई।

त्योहारों को लेकर सख्त निर्देश
प्रचलित रमजान तथा आगामी होली व ईद पर्व को सकुशल संपन्न कराने हेतु थाना प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील क्षेत्रों में सर्किल ऑफिसर्स की अगुवाई में बैठक कर विभिन्न समुदायों के गणमान्य व्यक्तियों से समन्वय स्थापित करने को कहा गया। कप्तान ने चेताया कि त्योहारों के दौरान लॉ एंड ऑर्डर में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी होने पर संबंधित थाना प्रभारी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाएगी।
चारधाम यात्रा पर विशेष फोकस
आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए एसपी ट्रैफिक को समय रहते विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय राजमार्गों पर दिशा-दूरी दर्शाने वाले होर्डिंग्स लगाने एवं यात्रियों की सुविधाओं हेतु संबंधित विभागों से समन्वय बनाने पर जोर दिया गया। पूर्व तैयारियों को यात्रा की सफलता के लिए अनिवार्य बताया गया।
साइबर सेल व अभियानों की समीक्षा
साइबर सेल हरिद्वार के कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए बेहतर रिस्पांस के निर्देश दिए गए। मुख्यालय स्तर से संचालित अभियानों की समीक्षा में कुछ अधिकारियों को शाबाशी तो कुछ को चेतावनी भी मिली।
शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण
सीएम हेल्पलाइन एवं शिकायत प्रकोष्ठ से प्राप्त प्रार्थना पत्रों का 15 दिन के भीतर निस्तारण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। थानाध्यक्षों को साप्ताहिक समीक्षा कर लंबित मामलों का स्पष्ट समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।
नशे और गैंगस्टर पर सख्ती
एनडीपीएस एक्ट के तहत केवल औपचारिक कार्रवाई नहीं बल्कि नशे की जड़ों तक पहुंचने पर जोर दिया गया। गैंगस्टर्स की संपत्ति जब्ती में तेजी लाने के निर्देश सर्किल ऑफिसर्स को दिए गए। कप्तान ने कहा कि आज का युवा देश का भविष्य है, उसे नशे से बचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
फायर रिस्पांस टाइम और वाहन चोरी पर कार्रवाई
गर्मी के मौसम को देखते हुए सभी फायर स्टेशनों को एक्टिव मोड में रहने और रिस्पांस टाइम सुधारने के निर्देश दिए गए। बढ़ती वाहन चोरियों पर प्रभावी चेकिंग अभियान चलाने और कॉलनमी अभियान को और मजबूत करने के आदेश भी दिए गए।
अंत में एसएसपी नवनीत सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया कि अपराध होने के बाद खुलासा करना ही नहीं, बल्कि अपराध को होने से पहले रोकना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


