रुड़की, 22 अगस्त। सोनी रोड। 84 उत्तराखंड बटालियन एनसीसी, रुड़की के तत्वावधान में फोनिक्स विश्वविद्यालय, इमलीखेड़ा में दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (प्री थल सेना शिविर-द्वितीय) का शुभारंभ हुआ। शिविर में प्रदेशभर के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों से पहुंचे 525 एनसीसी कैडेट्स तथा आठ सहयोगी एनसीसी अधिकारी प्रशिक्षण ले रहे हैं।
शिविर के दौरान कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण के साथ व्यवहारिक ज्ञान, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास से जुड़े विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में शस्त्र प्रशिक्षण, मैप रीडिंग, दूरी का आकलन, फील्ड सिग्नल, आपदा प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता एवं व्यक्तित्व विकास सहित एनसीसी से जुड़े विभिन्न विषय शामिल हैं।
शिविर के प्रथम दिन सभी कैडेट्स का बायोमेट्रिक पंजीकरण कराया गया। इसके साथ ही कैडेट्स द्वारा लाए गए कैंप संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन और परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन, समयबद्धता और निर्धारित सैन्य मानकों के पालन पर विशेष जोर दिया।
विश्वविद्यालय प्रबंधन का जताया आभार
कैंप कमांडेंट कर्नल जगदीश अलमिया ने शिविर के आयोजन के लिए विश्वविद्यालय परिसर उपलब्ध कराने पर संस्था के चेयरमैन चेरब जैन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं और सहयोग के लिए विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनीष पांडे तथा कुलसचिव डॉ. अमित गौतम का भी धन्यवाद किया।
शिविर के सफल संचालन में डिप्टी कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल अमन कुमार सिंह, कैंप एडजुटेंट कैप्टन सुशील कुमार आर्य, कैप्टन आलोक कंडवाल, फर्स्ट ऑफिसर संजीव कुमार, सेकंड ऑफिसर सुशील कुमार, रेनू देवी, नीलिमा क्षेत्री, केयरटेकर उपासना सहित एनसीसी के अधिकारी और प्रशिक्षण स्टाफ सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
इसके अलावा सूबेदार मेजर अमर सिंह, ट्रेनिंग जेसीओ सूबेदार सुनील सिंह, सूबेदार राजेश, बीएचएम केशवानंद समेत विभिन्न सैन्य एवं प्रशासनिक कर्मचारी शिविर की व्यवस्थाओं में जुटे हैं। प्रशिक्षण अधीक्षक रवि कपूर सहित सुनील भाई, सुभाष भाई, राजवीर, राकेश, लोकेंद्र, रविंदर, सुशेंद्र, सुनील कुमार और नीतीश समेत अन्य स्टाफ कैडेट्स के प्रशिक्षण, अनुशासन और आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में सहयोग कर रहे हैं।


