रुड़की।सोनी रोड़। हरिद्वार विश्वविद्यालय में भगवानपुर इंडस्ट्रियल एसोसिएशन (बीआईए) एवं सिडकुल मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन उत्तराखंड (एसएमएयू) के सहयोग से ‘एचआर लीडर्स मीट 2026–रुड़की चैप्टर’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा और उद्योग जगत के बीच मजबूत समन्वय स्थापित करना तथा विद्यार्थियों के लिए रोजगार, इंटर्नशिप और औद्योगिक प्रशिक्षण के नए अवसरों को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम में देश की अग्रणी औद्योगिक एवं कॉर्पोरेट संस्थाओं के एचआर लीडर्स, प्लांट हेड्स, टैलेंट एक्विजिशन विशेषज्ञों और वरिष्ठ उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान Jubilant Generics, Adani Cement, Yacca Life Sciences, Apple Formulations, Ambuja Foundation, JAMS Life Sciences, Shree Amba Industries, HDFC Life तथा Abdos Labtech Pvt. Ltd. सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों ने उद्योगों की बदलती आवश्यकताओं, रोजगार के अवसरों, कौशल विकास और अकादमिक-औद्योगिक सहयोग पर अपने विचार साझा किए।
विशेषज्ञों और विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों के बीच विद्यार्थियों को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने, कौशल-आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने, इंटर्नशिप एवं प्लेसमेंट के अवसरों का विस्तार करने तथा संयुक्त अनुसंधान को प्रोत्साहित करने पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन शिक्षा और उद्योग के बीच की दूरी कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष नमन बंसल ने कहा कि हरिद्वार विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को रोजगारपरक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए उद्योग जगत के साथ निरंतर सहयोग बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप बेहतर अवसर मिल सकें।
कार्यक्रम में प्रो-वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) आदेश आर्य, निदेशक डॉ. विपिन सैनी, कुलसचिव सुमित चौहान, डॉ. देवव्रत तथा प्लेसमेंट हेड प्रज्वल चौधरी सहित विश्वविद्यालय के कई अधिकारी उपस्थित रहे। अंत में विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी अतिथियों, उद्योग प्रतिनिधियों, बीआईए, एसएमएयू तथा आयोजन को सफल बनाने वाले सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।


