रुड़की।सोनी रोड़।रूप चंद शर्मा एजुकेशन ट्रस्ट द्वारा संचालित बिशंभर सहाय ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशंस में स्नातक एवं स्नातकोत्तर अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं के लिए भव्य विदाई समारोह (फेयरवेल पार्टी) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बीए, बीकॉम, बीएससी, बीबीए, बीसीए, एमकॉम एवं एमए के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के सचिव चंद्र भूषण शर्मा एवं विशिष्ट अतिथि सौरभ भूषण शर्मा (प्रदेश संयोजक भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ एवं प्रदेश अध्यक्ष विश्व हिंदू महासभा) द्वारा संयुक्त रूप से रिबन काटकर किया गया।
इस अवसर पर संस्थान के मैनेजिंग डायरेक्टर गौरव भूषण शर्मा ने छात्र-छात्राओं को प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं सम्मान समारोह का आयोजन भी किया गया। बीए पाठ्यक्रम की कुंवारी लकीया को “मिस फेयरवेल” तथा तस्लीम को “मिस्टर फेयरवेल” चुना गया। वहीं “स्टूडेंट ऑफ द ईयर” का खिताब बैकुंठ (बीकॉम प्रथम वर्ष) एवं नंदिनी (बीकॉम प्रथम वर्ष) ने अपने नाम किया।
हेड बॉय के रूप में सोहेल (बीकॉम प्रथम वर्ष) और हेड गर्ल के रूप में कुमारी प्रतिभा (एमए फाइनल ईयर) को चुना गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिव चंद्र भूषण शर्मा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं बल्कि चरित्र निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि यहां से विदा हो रहे विद्यार्थी समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
विशिष्ट अतिथि सौरभ भूषण शर्मा ने कहा कि आज का युवा तकनीक और ज्ञान के माध्यम से वैश्विक स्तर पर भारत का नाम रोशन कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
मैनेजिंग डायरेक्टर गौरव भूषण शर्मा ने कहा कि विद्यार्थी संस्थान की पहचान हैं और उन्हें गर्व है कि संस्थान ने छात्रों को बेहतर भविष्य के लिए तैयार किया है।
प्रधानाचार्य डॉ. शाहजेब आलम ने विद्यार्थियों को अनुशासन को जीवन का मूल मंत्र बनाने की सलाह दी और कहा कि विदाई का यह क्षण भावुक जरूर है, लेकिन यह नए जीवन की शुरुआत भी है।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। जूनियर विद्यार्थियों ने अपने सीनियर्स को तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर डीन ऑफ एकेडमिक दिवाकर जैन, श्रीमती मिलन शर्मा, परीक्षा नियंत्रक कुमारी शाहीन, एमडी जागीर, रविंद्र कुमार, विशाल सैनी, जितेंद्र रावत, सुधीर सैनी, मोहम्मद आबाद, कुमारी शबनम, कुमारी सोनी, आयुषी शर्मा, शिवप्रताप सहित समस्त अध्यापक एवं अध्यापिकाएं मौजूद रहे।


