लक्सर (हरिद्वार), सोनी रोड़।

लक्सर तहसील क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक एवं पौराणिक पथरेश्वर महादेव मंदिर में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, गोरक्षपीठाधीश्वर एवं विश्व हिंदू महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगी आदित्यनाथ का जन्मोत्सव श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विश्व हिंदू महासंघ के तत्वावधान में विशाल यज्ञ-हवन का आयोजन किया गया, जिसमें वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच श्रद्धालुओं एवं पदाधिकारियों ने आहुतियां अर्पित कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं राष्ट्र कल्याण की कामना की।
कार्यक्रम में विश्व हिंदू महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भूषण शर्मा एवं प्रदेश महामंत्री अर्जुन शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। दोनों पदाधिकारियों ने भगवान पथरेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर यज्ञ में पूर्णाहुति दी और देश की सुख-समृद्धि एवं सनातन संस्कृति के उत्थान के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भूषण शर्मा ने कहा कि योगी आदित्यनाथ का जीवन राष्ट्रधर्म, सेवा और सनातन संस्कृति के संरक्षण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन और सुरक्षा के नए आयाम स्थापित कर रहा है तथा उनका कार्य करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
वहीं, महामंडलेश्वर श्री राममुनि जी महाराज, राष्ट्रीय सचिव विश्व हिंदू महासंघ एवं परमाध्यक्ष संत मंडल आश्रम हरिद्वार ने योगी आदित्यनाथ को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन हित में कार्य करने का आह्वान किया।
प्रदेश महामंत्री अर्जुन शर्मा ने कहा कि योगी आदित्यनाथ का जन्मोत्सव कार्यकर्ताओं के लिए नई ऊर्जा और संकल्प का अवसर है। उन्होंने कहा कि योगी जी का ‘राष्ट्र प्रथम’ का संदेश सभी के लिए प्रेरणादायी है और विश्व हिंदू महासंघ समाज सेवा, हिंदू समाज की एकता एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संत-महात्मा, संगठन पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। यज्ञ-हवन के समापन के बाद प्रसाद वितरण किया गया तथा सभी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की मंगलकामना की।


