रुड़की,सोनी रोड़, 29 जून 2025 — कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा को समर्पित समर्पण जनकल्याण संगठन ट्रस्ट एक बार फिर अपने सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हुए 26वें विशाल भंडारे एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन कर रहा है। ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेश यादव के नेतृत्व में बीते कई वर्षों से यह संगठन कांवड़ियों की सेवा में जुटा है, जो अब एक परंपरा का रूप ले चुकी है।
इस बार भी 28 जून से पंडाल का शुभारंभ हो चुका है, और आगामी 12 जुलाई से 24 घंटे निःशुल्क सेवा का सिलसिला शुरू होगा, जो कांवड़ मेले की समाप्ति तक जारी रहेगा। भंडारे में आने वाले कांवड़ियों के लिए रुकने की व्यवस्था, स्वच्छ जल, स्नान की सुविधा, भोजन, दवाइयाँ और एंबुलेंस सेवा जैसे सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। यह सेवा पूर्णतः निशुल्क होगी।
ट्रस्ट के महामंत्री प्रदीप गोयल ने जानकारी दी कि भंडारे की ख्याति केवल रुड़की और हरिद्वार तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसकी चर्चा उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली जैसे राज्यों तक होती है। यह सेवा आयोजन श्रद्धालुओं में गहरी आस्था और आत्मीयता का भाव पैदा करता है।
इस वर्ष भी चिकित्सा सेवा की ज़िम्मेदारी चिकित्सा अधिकारी संदीप को सौंपी गई है। उनके साथ स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग देने वाले चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ की टीम मौजूद रहेगी।
विशेष उल्लेखनीय है कि यह सेवा समाजसेवी सचिन गुप्ता और पूजा गुप्ता द्वारा उनके स्वर्गीय पिताजी राम बिहारी गुप्ता जी की पुण्य स्मृति में की जा रही है, जो समर्पण जनकल्याण संगठन के साथ मिलकर श्रद्धा और सेवा का उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।
संगठन की यह पहल न केवल श्रद्धालुओं की मदद करती है, बल्कि समाज में सहयोग, सेवा और समर्पण की भावना को भी मजबूत करती है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी हजारों कांवड़ यात्री इस सेवा का लाभ उठाएंगे और ट्रस्ट के कार्यों को सराहना की दृष्टि से देखेंगे।


