रुड़की। देशभर से आईं प्रतिभाओं और समाजसेवियों के योगदान को सम्मानित करने के लिए फॉनिक्स यूनिवर्सिटी, रुड़की के सेमिनार हॉल में आयोजित “प्रथम राष्ट्र विभूति सम्मान समारोह-2025” में सैकड़ों विभूतियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शहीदे आजम भगत सिंह के भतीजे एडवोकेट किरणजीत सिंह संधू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का आयोजन योगेश शिक्षा कला संस्कृति एवं पर्यावरण उत्थान ट्रस्ट तथा फॉनिक्स यूनिवर्सिटी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से आईं डेढ़ सौ से अधिक हस्तियों को कला, शिक्षा, संस्कृति, साहित्य, विज्ञान, समाजसेवा, पत्रकारिता, उद्यमिता, खेल और ज्योतिष जैसे क्षेत्रों में असाधारण योगदान के लिए “राष्ट्र विभूति सम्मान” से सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि एडवोकेट किरणजीत सिंह संधू ने कहा कि “प्रतिभाओं का सम्मान न केवल उनके कार्यों को मान्यता देता है, बल्कि समाज में और लोगों को भी जनहितैषी कार्यों के लिए प्रेरित करता है।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता फॉनिक्स यूनिवर्सिटी के चेयरमैन इंजी. चैरब जैन ने की। विशिष्ट अतिथियों में ‘प्रणाम पर्यटन’ के संपादक प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, डॉ. प्रिया जाडू (पूर्व निदेशक राज्य संसाधन केंद्र उत्तराखंड) और डॉ. बी.एल. यादव (निदेशक, सीएमडी इंटरनेशनल स्कूल, दिल्ली) शामिल रहे।
समारोह में सम्मानित विभूतियों को स्मृति चिह्न, अंगवस्त्र, पगड़ी, प्रशस्ति पत्र, समय की सूचक घड़ी और ‘हृदय फलक’ भेंट कर अलंकृत किया गया।
कार्यक्रम समन्वयक संजय वत्स ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य देशभर के उन लोगों को एक मंच देना है जो अपने कार्यों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला रहे हैं।
इस अवसर पर नन्हें जादूगर निपूर्ण के जादू प्रदर्शन और के.के. गर्ग के मधुर बांसुरी वादन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में चार सौ से अधिक विशिष्ट अतिथि, शिक्षाविद, समाजसेवी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में डॉ. आकांक्षा रूपा चचरा की पुस्तकों ‘जीवन का मूल मंत्र’, ‘नया सवेरा जीवन चक्र’ तथा ‘खेल-खेल में हिंदी सीखो’ का लोकार्पण किया गया। साथ ही डॉ. शशि देवली ‘शिवी’ की पुस्तक ‘ब्वारी’ का भी विमोचन किया गया।
अंत में बांसुरी की धुन पर राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
कार्यक्रम के संचालन का दायित्व संजय वत्स और डॉ. विजय कुमार त्यागी ने संयुक्त रूप से निभाया।
इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष जन्मेजय, सचिव सुमन चौहान, कोषाध्यक्ष कामना शर्मा, डॉ. स्वाति चौधरी, डॉ. आयशा अंसारी, तथा देश के विभिन्न राज्यों से आए अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।


