रुड़की के विनय विशाल हॉस्पिटल पर मुकदमा, कोविड काल में प्रशासन को दी थी गलत सूचना
हरिद्वार जिले के रुड़की स्थित विनय विशाल हॉस्पिटल के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने मुकदमा दर्ज कराया है। अस्पताल प्रशासन पर आरोप है कि उसने कोविड महामारी के दौरान ऑक्सीजन की आपूर्ति नहीं होने की गलत जानकारी देकर प्रशासन को गुमराह किया और सनसनी फैलाई।
मजिस्ट्रेटी जांच में सामने आया कि 5 नवंबर 2021 को अस्पताल में 16 मरीजों की मौत हुई थी, जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने ऑक्सीजन की कमी को मौत का कारण बताया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए शासन ने मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए थे, जिसकी रिपोर्ट अब सार्वजनिक हो चुकी है।
मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) के निर्देश पर डॉ. अनिल कुमार (नोडल अधिकारी, CEA) ने रुड़की गंगनहर कोतवाली में अस्पताल प्रशासन के खिलाफ तहरीर दी, जिसमें गलत जानकारी देकर प्रशासन को गुमराह करने के आरोप में कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत ने बताया कि अस्पताल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।


