कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज, रुड़की की छात्रा ने बढ़ाया क्षेत्र का मान
रुड़की, 8 मई 2025 — कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज, रुड़की की मेधावी छात्रा कुमारी वर्णिका आर्य ने वर्ष 2025 की बोर्ड परीक्षा में राज्य स्तर पर सातवां स्थान प्राप्त कर क्षेत्र व विद्यालय को गौरवान्वित किया। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने वर्णिका को शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और कहा, “ऐसी बेटियां समाज में बदलाव की राह प्रशस्त करती हैं, वर्णिका जैसी प्रतिभाएं देश की नई दिशा तय करेंगी।”
रुड़की मेयर अनीता देवी अग्रवाल ने छात्रा की मेहनत और अनुशासन की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह सफलता पूरे क्षेत्र की है और विद्यालय की शिक्षण परंपरा की जीत है।
पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष शोभाराम प्रजापति ने उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।
कॉलेज प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुंदरलाल प्रजापति ने कहा, “हमारा उद्देश्य सिर्फ परीक्षा पास कराना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का समग्र विकास है—वर्णिका इसका जीवंत उदाहरण हैं।”
प्रधानाचार्या सरिता देवी ने वर्णिका को प्रारंभ से ही अध्ययनशील और प्रेरणादायी बताते हुए इस सफलता का श्रेय परिवार, शिक्षक और विद्यालय के संयुक्त प्रयासों को दिया।
इस अवसर पर कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथि एवं सामाजिक, राजनीतिक और शैक्षणिक क्षेत्र की प्रतिष्ठित हस्तियाँ उपस्थित रहीं, जिनमें ललित मोहन अग्रवाल, सतेंद्र तोमर, अरविंद गौतम, पूजा नंदा, सतीश कौशिक, प्रमोद चौधरी, ऋषिपाल सिंह चौहान, दिनेश कौशिक, सत्येंद्र नाथ गोयल, ध्रुव गुप्ता, राजेश सैनी, प्रतिभा सिंह, संतोष अरोड़ा, सुदेश आहूजा, पूनम वर्मा, मीनाक्षी आदि प्रमुख रहे।
कार्यक्रम का संचालन अध्यापिका शालिनी गुप्ता ने किया तथा आभार प्रदर्शन सतेंद्र तोमर द्वारा किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
इस सफलता ने न केवल विद्यालय को बल्कि पूरे रुड़की क्षेत्र को गर्व की अनुभूति कराई है।


