हरिद्वार, 3 जून 2026। सोनी रोड़।
हरिद्वार-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। देहरादून से दिल्ली-जयपुर जा रही एक वोल्वो बस में अचानक आग लग गई। बस में सवार सभी 32 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, हालांकि बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस संख्या MP44 ZC 6994 (महालक्ष्मी फिलिप्स वोल्वो) बुधवार सुबह करीब 4 बजे देहरादून से ऋषिकेश होते हुए दिल्ली और जयपुर की ओर जा रही थी। जब बस क्रिस्टल वर्ल्ड से आगे पुलिस चौकी शांतारशाह से लगभग 200 मीटर पहले हरिद्वार-दिल्ली रोड पर पहुंची, तभी तकनीकी खराबी के कारण उसमें अचानक आग लग गई।
आग लगते ही चालक अरुण कुमार निवासी उदयपुर और परिचालक रिंकू पुत्र लाल सिंह निवासी कंचनपुर, धौलपुर (राजस्थान) ने तत्काल यात्रियों को बस से बाहर निकालना शुरू कर दिया। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। यात्रियों का अधिकांश सामान और लगेज बस में ही रह गया, जो आग में जलकर नष्ट हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद रुड़की से फायर टेंडर को मौके पर बुलाया गया। पुलिस और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।
बस चालक के अनुसार प्रथम दृष्टया आग इंजन की ओर से शुरू हुई थी। बस में दो विदेशी नागरिक भी सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
पुलिस ने सभी यात्रियों के लिए वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था कर उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। यात्रियों ने संकट की घड़ी में त्वरित सहायता और बेहतर व्यवस्था के लिए हरिद्वार पुलिस और उत्तराखंड पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

