रुड़की।सोनी रोड़। इमलीखेड़ा स्थित फोनिक्स यूनिवर्सिटी में शहीद विकास सैनी एवं सोनित सैनी की स्मृति में आयोजित प्रदेश स्तरीय मेमोरियल कबड्डी टूर्नामेंट का सोमवार को समापन हुआ। समापन समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विजेता महिला एवं पुरुष टीमों को सम्मानित कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में बड़े स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित करने के लिए आयोजकों की सराहना की और भविष्य में भी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों में पहुंचने का आश्वासन दिया।

खेलो स्कूल स्पोर्ट्स प्रमोशन ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता की प्रायोजक एवं भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी रहीं। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने के साथ राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजन प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
समारोह में रोमा सैनी के प्रयासों की विशेष रूप से सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण अंचल के बालक-बालिकाओं को खेलों के माध्यम से आगे बढ़ने का मंच उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। प्रतियोगिता के जरिए क्षेत्रीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय शूटिंग खिलाड़ी सूरज रोड की भी प्रशंसा की गई।
कार्यक्रम में शहीदों के परिजनों, उनकी वीरांगनाओं एवं माता-पिता को मंच पर सम्मानित कर उनके बलिदान को नमन किया गया। रोमा सैनी ने समारोह में पहुंचे अतिथियों एवं गणमान्य लोगों को शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष रामगोपाल कंसल ने किया। इस अवसर पर राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति, पूर्व प्रदेश महामंत्री मयंक गुप्ता, अंतर्राष्ट्रीय शूटिंग खिलाड़ी सूरज रोड, चंचल चौधरी, चौधरी योगी रोड, विक्रम गर्ग, राजीव गर्ग, अभिषेक मित्तल, नवनीत सिंह, अरुण सिंह, क्षत्रिय जाति रोड महासभा हरिद्वार के पूर्व अध्यक्ष सेवाराम, भाजपा नेता अनिल पाल सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के समापन पर आयोजकों ने क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने, ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और शहीदों की स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने का संकल्प दोहराया।


