रूड़की, 9 जून। रक्षा एवं एयरोस्पेस क्षेत्र में कार्यरत उभरती हुई स्टार्टअप कंपनी फाईमैक एयरोस्पेस प्राइवेट लिमिटेड (PHIMACH Aerospace Pvt. Ltd.), TIDES-IIT रूड़की तथा दून इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी सोलूशन्स (DIPS), देहरादून के बीच बौद्धिक संपदा (इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी) संरक्षण एवं प्रबंधन के क्षेत्र में सहयोग को लेकर मंगलवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।

इस समझौते के तहत दून इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी सोलूशन्स द्वारा फाईमैक एयरोस्पेस को पेटेंट, कॉपीराइट, डिजाइन पंजीकरण एवं अन्य बौद्धिक संपदा अधिकारों के संरक्षण से संबंधित तकनीकी और कानूनी परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। इससे कंपनी के नवाचारों को सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी तकनीकी समाधान विकसित करने में मदद मिलेगी।
फाईमैक एयरोस्पेस प्राइवेट लिमिटेड रक्षा प्रणालियों, मानव रहित हवाई प्रणालियों (UAVs) और एयरोस्पेस तकनीकों के क्षेत्र में अनुसंधान, नवाचार एवं स्वदेशी निर्माण के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने की दिशा में कार्य कर रही है। कंपनी अत्याधुनिक तकनीकों के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है।
MoU हस्ताक्षर समारोह में फाईमैक एयरोस्पेस के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. महर्षि सुभाष, मुख्य तकनीकी अधिकारी डॉ. ऋत्विक डोबरियाल, मुख्य अभियंता सुश्री वत्सला बर्थवाल तथा DIPS के मुख्य बौद्धिक संपदा अधिकारी डॉ. अनुज रतूड़ी उपस्थित रहे।
यह कार्यक्रम हरिद्वार यूनिवर्सिटी के प्रो-वाइस चांसलर प्रो. डॉ. आदेश कुमार आर्य की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
वक्ताओं ने कहा कि यह साझेदारी रक्षा एवं एयरोस्पेस क्षेत्र में स्वदेशी तकनीकी विकास, अनुसंधान और नवाचार को नई गति प्रदान करेगी। साथ ही भारत को वैश्विक एयरोस्पेस एवं रक्षा प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।


