फर्जी अस्पतालों पर कार्यवाही को लेकर पत्रकारों ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने दिया जल्द कार्रवाई का आश्वासन
रुड़की। सोनी रोड़।शहर में फर्जी अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बुधवार दोपहर लगभग 2 बजे स्थानीय पत्रकारों ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक चंद्र सेठ को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में पत्रकारों ने कहा कि क्षेत्र में कई फर्जी अस्पताल खुलेआम गरीब मरीजों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं और आर्थिक शोषण कर रहे हैं। हाल ही में ईदगाह चौक स्थित जीवनदीप नर्सिंग होम में इलाज के दौरान लापरवाही से एक महिला मरीज की मौत के मामले ने हंगामा खड़ा कर दिया था। आरोप है कि मामले की कवरेज करने पहुंचे एक स्थानीय पत्रकार और महिला पत्रकार के साथ अस्पताल के गुंडा स्टाफ ने अभद्रता और हमले का प्रयास भी किया था। शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उक्त अस्पताल को सील कर दिया था।
पत्रकारों ने ज्ञापन में मांग की कि शहर में चल रहे ऐसे फर्जी अस्पतालों की जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता के जीवन से खिलवाड़ न हो सके। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक चंद्र सेठ ने पत्रकारों को आश्वस्त किया कि इस मामले में शीघ्र ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान बड़ी संख्या में रुड़की के पत्रकार मौजूद रहे।


