रुड़की। बिशंबर सहाय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के स्वागत और उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था से परिचित कराने के उद्देश्य से शिक्षा दीक्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नए सत्र में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का पुराने विद्यार्थियों ने आत्मीयता से स्वागत किया। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का रंग भर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के पदाधिकारियों एवं अतिथियों ने किया। इस दौरान संस्थान के सचिव चंद्रभूषण शर्मा, एमडी गौरव भूषण शर्मा, कोषाध्यक्ष एवं कार्यक्रम अध्यक्ष सौरभ भूषण शर्मा, प्राचार्य शहज़ेब आलम, विभागाध्यक्ष, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
संस्थान के सचिव चंद्रभूषण शर्मा ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण और जीवन को सही दिशा देने का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, मेहनत और संस्कारों को जीवन में अपनाते हुए अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
एमडी गौरव भूषण शर्मा ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ ऐसा वातावरण उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी प्रतिभा और क्षमता को पहचानकर भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें। उन्होंने नवागंतुक विद्यार्थियों का संस्थान परिवार में स्वागत करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम अध्यक्ष एवं संस्थान के कोषाध्यक्ष सौरभ भूषण शर्मा, जो भारतीय जनता पार्टी व्यवसायिक प्रकोष्ठ उत्तराखंड के प्रदेश संयोजक भी हैं, ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय का प्रत्येक विद्यार्थी संस्थान के लिए महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करते हुए पढ़ाई के साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।
शिक्षकों ने बताई शैक्षणिक व्यवस्था और सुविधाएं
कार्यक्रम के दौरान विभागाध्यक्षों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन, विभिन्न विभागों, पाठ्यक्रमों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। पुराने विद्यार्थियों ने भी नवागंतुकों का स्वागत करते हुए अपने अनुभव साझा किए और उन्हें महाविद्यालय के वातावरण से परिचित कराया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। छात्राओं स्वीटी, सानिया, आई, अलीशा, जेबा, शिफा और आशना ने नृत्य, नाटक एवं कविता की प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों से सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
समापन अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य शहज़ेब आलम ने अतिथियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय उनके बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएगा।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष शाहरुख गौड़, परीक्षा नियंत्रक शाहीन, प्रणव शर्मा, विशाल सैनी, एमडी जागीर, कुंवारी सोनी, मोइन, आयुषी शर्मा समेत महाविद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।


