बेलड़ा ने लाखनौर को हराकर जीती रोड कबड्डी प्रतियोगिता की ट्रॉफी
1985 से मेला ग्राउंड जलालाबाद में हो रहा प्रतिष्ठित टूर्नामेंट, छह राज्यों के खिलाड़ियों ने 24 टीमों नें लिया हिस्सा; अंतरराष्ट्रीय और प्रो कबड्डी खिलाड़ियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
जलालाबाद। दुर्गा चौदस के मेले के अवसर पर मेला ग्राउंड जलालाबाद में आयोजित प्रतिष्ठित रोड कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला उत्तर प्रदेश की लाखनौर और उत्तराखंड की बेलड़ा टीम के बीच खेला गया। फाइनल में बेलड़ा की टीम ने शुरू से ही शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी और लाखनौर को एकतरफा शिकस्त देकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। वर्ष 1985 से आयोजित हो रही यह प्रतियोगिता पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख कबड्डी टूर्नामेंटों में गिनी जाती है।

प्रतियोगिता के आयोजक मोहित मुखिया ने बताया कि इस वर्ष टूर्नामेंट में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पंजाब की कुल 24 टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में एशियाई खेलों में भाग ले चुके खिलाड़ियों से लेकर प्रो कबड्डी लीग के खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मेला ग्राउंड पहुंचे।

अंतरराष्ट्रीय और प्रो कबड्डी खिलाड़ियों ने बढ़ाया उत्साह
नागल गांव के विशु चौधरी के विशेष अनुरोध पर भारतीय कबड्डी टीम के पूर्व खिलाड़ी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले पवन सहरावत भी फाइनल मुकाबला देखने पहुंचे। उनके साथ अंतरराष्ट्रीय और प्रो कबड्डी के कई चर्चित खिलाड़ी मौजूद रहे। इनमें अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित संदीप नरवाल, मोनू गोयत, सचिन तोमर, राकेश नरवाल, पूर्व भारतीय कबड्डी कप्तान एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता संजीव बालियान, उपेंद्र मलिक, अयान खान और देवांक दलाल सहित अन्य खिलाड़ी शामिल रहे। इन खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया।
सेमीफाइनल में भी हुए कड़े मुकाबले
फाइनल से पहले खेले गए दोनों सेमीफाइनल मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। बेलड़ा की टीम ने भौरी को हराकर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि लाखनौर ने दिवालहेड़ी की टीम को पराजित कर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। दिवालहेड़ी की टीम में एशियाई खेलों और प्रो कबड्डी स्तर पर खेल चुके खिलाड़ी शामिल थे, लेकिन टीम को सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा।
अगले वर्ष और बेहतर आयोजन का वादा
विजेता बेलड़ा टीम के कप्तान उदित रोड ने जीत के बाद आयोजन समिति का आभार जताते हुए प्रतियोगिता को सफल और प्रतिष्ठित आयोजन बताया। वहीं, आयोजन समिति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले बोबिन रोड ने प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में पहुंचे रोड समाज के लोगों और खेल प्रेमियों का धन्यवाद किया। उन्होंने अगले वर्ष इससे भी बेहतर और भव्य टूर्नामेंट आयोजित करने का भरोसा दिलाया।
प्रतियोगिता में बेलड़ा की ओर से उदित रोड, वंश, शिवांग, लकी, ओमवीर, ववाशु और कुणाल सहित अन्य खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। बेलड़ा की इस जीत के साथ ही मेला ग्राउंड जलालाबाद में आयोजित रोड कबड्डी प्रतियोगिता का समापन उत्साह और खेल भावना के माहौल में हुआ।


