देव रोड क्रिकेट कप टूर्नामेंट में बड़ा बदलाव, 2027 से आईपीएल तर्ज पर खेली जाएगी ‘देव आरपीएल’

रुड़की। देव रोड क्रिकेट कप टूर्नामेंट अब नए कलेवर में नजर आएगा। वर्ष 2027 से यह प्रतियोगिता आईपीएल की तर्ज पर ‘देव रोड प्रीमियर लीग (Dev RPL)’ के नाम से आयोजित की जाएगी। आयोजन समिति से जुड़े अरविंद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि अगले सत्र से टूर्नामेंट की पूरी संरचना बदली जाएगी और इसे फ्रेंचाइजी मॉडल पर संचालित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अब किसी भी गांव की टीम को डायरेक्ट एंट्री नहीं दी जाएगी। लीग में कुल 8 फ्रेंचाइजी होंगी और प्रत्येक टीम का एक मालिक होगा, जो नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से खिलाड़ियों को खरीदेगा। खिलाड़ियों की बोली लगाई जाएगी और चयन पूरी तरह पेशेवर ढंग से किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, करीब 120 रोड बिरादरी के शीर्ष खिलाड़ियों की नीलामी होगी। इसके अलावा, प्रत्येक टीम में दो खिलाड़ी अन्य बिरादरी से भी शामिल किए जा सकेंगे, जिससे प्रतिस्पर्धा का स्तर और संतुलन दोनों मजबूत होंगे।
अरविंद कुमार ने कहा कि उद्देश्य टूर्नामेंट को अधिक प्रतिस्पर्धी, अनुशासित और पेशेवर बनाना है, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर मंच मिले और दर्शकों को उच्च स्तरीय क्रिकेट देखने का अवसर प्राप्त हो।
फ्रेंचाइजी की बिक्री, टीम संरचना, खिलाड़ी ड्राफ्ट और नीलामी प्रक्रिया को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जल्द जारी किए जाएंगे।
क्रिकेट प्रेमियों के बीच इस नई पहल को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि ‘देव आरपीएल’ स्थानीय क्रिकेट को नई पहचान देने के साथ-साथ खिलाड़ियों के लिए बड़े अवसरों के द्वार भी खोलेगी।


