रुड़की। सोनी रोड़।तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में आयोजित इंटर बटालियन 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर उत्तराखंड का नाम रोशन करने वाले 84 उत्तराखंड वाहिनी एनसीसी, रुड़की के कैडेट अक्षय राणा को बटालियन परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया।

कमान अधिकारी कर्नल जगदीश अलमिया ने अक्षय राणा को स्वर्ण पदक पहनाकर सम्मानित किया, जबकि प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल अमन कुमार सिंह ने प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बीएसएम (पीजी) कॉलेज, रुड़की में बीए द्वितीय वर्ष के छात्र अक्षय ने प्रतियोगिता से पहले पिथौरागढ़ में 1 से 20 जून तक विशेष फायरिंग प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसके बाद 8 से 18 जुलाई तक देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में विशेषज्ञ प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में एयर पिस्टल शूटिंग का गहन अभ्यास किया।
प्रतियोगिता में देशभर के 16 प्रतिभागियों के बीच हुए मुकाबले में अक्षय ने 371 अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
अक्षय राणा गौरव सेनानी स्वर्गीय संजीव कुमार के इकलौते पुत्र हैं। सम्मान समारोह के दौरान उन्होंने अपनी उपलब्धि स्वर्गीय पिता की स्मृति और अपनी माता श्रीमती अनु को समर्पित की। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी पूरी निष्ठा से देश सेवा करते हुए परिवार, एनसीसी और उत्तराखंड का नाम रोशन करने का प्रयास करेंगे।
कमान अधिकारी कर्नल जगदीश अलमिया ने अक्षय की सफलता को अनुशासन, मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम बताते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि अन्य एनसीसी कैडेट्स के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने अक्षय को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए निरंतर अभ्यास करने की सलाह दी।
बटालियन के प्रशिक्षण अधीक्षक रवि कपूर ने कहा कि अक्षय की उपलब्धि 84 उत्तराखंड वाहिनी एनसीसी के लिए गौरव का विषय है और इससे अन्य कैडेट्स को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलेगी।
इस अवसर पर सूबेदार सुनील कुमार, डीईओ संदीप बुड़ाकोटी, हवलदार राजेंद्र सिंह, हवलदार जगत सिंह भंडारी, गौरव सेनानी धर्म सिंह और केयरटेकर प्रियंका प्रजापति सहित बटालियन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


