वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान गणेश की प्रतिमा हुई स्थापित, गणपति बप्पा के जयघोष से गूंजा मंदिर परिसर
रुड़की। सोनी रोड़ सिविल लाइंस स्थित श्री सिद्धेश्वर शिव मंदिर में पांच दिवसीय श्री गणेश महोत्सव का विधि-विधान एवं श्रद्धाभाव के साथ शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान श्री सनातन धर्म रक्षिणी सभा के मंत्री सौरभ भूषण ने भगवान गणेश जी की प्रतिमा का लोकार्पण कर उसे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ स्थापित किया। इसके पश्चात गणपति बप्पा की आरती एवं पूजा-अर्चना की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान गणेश का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ ‘गणपति बप्पा मोरया, मंगल मूर्ति मोरया’ के जयघोष लगाए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश से परिवार एवं समाज में सुख-शांति, समृद्धि, आरोग्य और सफलता की कामना की।
आयोजकों ने बताया कि पांच दिवसीय गणेश महोत्सव के दौरान मंदिर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम एवं पूजा-अर्चना आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर मंदिर समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


