रुड़की।सोनी रोड़।उत्तराखंड किसान मोर्चा की ओर से मानकपुर आदमपुर गांव में मासिक किसान पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत में किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। किसानों ने सरकार से कृषि कार्य के लिए मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने, इकबालपुर चीनी मिल पर बकाया गन्ना भुगतान जल्द कराने तथा किसानों पर जबरन स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया रोकने की मांग की।

उत्तराखंड किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलशन रोड ने कहा कि सरकार लगातार किसानों की उपेक्षा कर रही है, जिससे किसानों में भारी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ऊर्जा प्रदेश होने के बावजूद यहां किसानों को महंगी बिजली दी जा रही है, जबकि पड़ोसी राज्यों उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में किसानों को मुफ्त बिजली की सुविधा मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इकबालपुर चीनी मिल से जुड़े किसानों का लगभग 119 करोड़ रुपये का भुगतान अब तक लंबित है, जिससे किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों का बकाया भुगतान शीघ्र नहीं किया गया और उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो किसान बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
पंचायत के संयोजक राजपाल सिंह ने कहा कि किसानों को अपने अधिकारों की लड़ाई के लिए संगठित होना होगा। जब तक किसान एकजुट नहीं होंगे, तब तक उन्हें धर्म और जाति के नाम पर बांटकर उनके हितों की अनदेखी की जाती रहेगी।
पंचायत में राष्ट्रीय प्रवक्ता मकर सिंह, राष्ट्रीय संयोजक राजपाल सिंह, राजेंद्र सिंह, तेजवीर सिंह चौधरी, दुष्यंत सिंह, सुधीर, तेजपाल सैनी, जगबीर सिंह, धर्मवीर, राजेंद्र पुंडीर, अमृतपाल, भूपेंद्र सिंह, अवतार सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।


