रुड़की। मोहल्ला सोत स्थित बाबा पूरणनाथ जी के मंदिर में बाबा पूरणनाथ का जन्मोत्सव धूमधाम और श्रद्धा के वातावरण में मनाया गया। सुबह से ही मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने बाबा जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर के मुख्य पुजारी कंवरपाल भगत ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः पूजा-अर्चना से हुई, जिसके बाद भक्तों को गरम चाय और पकोड़ों का प्रसाद वितरित किया गया। दोपहर के समय हवन का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित किया।
इसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। सबसे पहले सोलानी नदी स्थित श्मशान घाट पर बाबा जी की समाधि पर भोग अर्पित किया गया, तत्पश्चात कन्या पूजन कर भक्तों को भंडारे का प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे फोनिक्स यूनिवर्सिटी के चेयरमैन, युवा भाजपा नेता व वरिष्ठ समाजसेवी इंजीनियर चैरब जैन ने मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और भक्तों को प्रसाद वितरित किया। उन्होंने बाबा पूरणनाथ के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाबा अपनी सिद्धियों, चमत्कारों और कठोर तपस्या के लिए क्षेत्र में प्रसिद्ध थे। उनके आशीर्वाद से असंख्य भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण हुई हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे महान संत की स्मृति में प्रतिवर्ष भव्य जन्मोत्सव का आयोजन हम सभी के लिए गर्व का विषय है।
जन्मोत्सव के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।


