रुड़की। हरिद्वार यूनिवर्सिटी के नर्सिंग विभाग में शुक्रवार को भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नर्सिंग के विद्यार्थियों ने अपने पेशे की गरिमा बनाए रखने, निष्ठा और समर्पण भाव से मानवता की सेवा करने तथा अपने कर्तव्यों का पालन करने की शपथ ली।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके उपरांत विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण एक प्रेरणादायी नाटक रहा, जिसमें आधुनिक नर्सिंग की जननी मानी जाने वाली फ्लोरेंस नाइटिंगेल के जीवन और संघर्षों को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया गया। इस नाटक ने दर्शकों को न केवल भावविभोर किया बल्कि विद्यार्थियों को अपने पेशे के प्रति और अधिक जिम्मेदार एवं समर्पित होने की प्रेरणा भी दी।
नर्सिंग विभाग की विभागाध्यक्ष और प्राध्यापकगण भी समारोह में मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए नर्सिंग पेशे की महत्ता को रेखांकित किया और कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं बल्कि मानवता की सेवा का श्रेष्ठ मार्ग है।
इस अवसर पर प्रो-वीसी आदेश आर्य, रजिस्ट्रार सुमित चौहान, एडमिन ऑफिसर कर्नल देवेंद्र कुमार यादव, ओएसडी अभिनव भटनागर, सोनिया चौधरी, मानसी मोर्य और माधुरी कुमारी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
समारोह में उत्साह और गरिमा का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। यह शपथ ग्रहण न केवल विद्यार्थियों के लिए एक यादगार पल रहा बल्कि समाज के लिए सेवा और करुणा का सशक्त संदेश भी लेकर आया।


