ट्यूशन के नाम पर धन लेकर छात्रा से दिलाई गई प्रतिरूपण परीक्षा, फर्जी प्रवेश पत्र से खुला राज

हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर क्षेत्र में हाईस्कूल परीक्षा के दौरान प्रतिरूपण (इम्परसनेशन) का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने ट्यूशन पढ़ने वाली छात्रा के परिजनों से धनराशि लेकर फर्जी प्रवेश पत्र तैयार कराया और दूसरी छात्रा से परीक्षा दिलाई।
कोतवाली प्रभारी आशुतोष राणा ने बताया कि 24 फरवरी को राजकीय इंटर कॉलेज, सलेमपुर (महदूद) में हाईस्कूल परीक्षा के दौरान दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने का मामला प्रकाश में आया था। कॉलेज के प्रधानाचार्य सुरेश चन्द्र द्विवेदी की तहरीर पर सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने तीन युवक और चार युवतियों को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से फर्जी प्रवेश पत्र बरामद किए थे। इसके बाद विस्तृत विवेचना में मुख्य आरोपी की पहचान की गई।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने चंगेज अंसारी (40), निवासी ज्वालापुर, हरिद्वार को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने स्वयं को ज्वालापुर स्थित अल्मोडिया इस्लामिक हाईस्कूल का प्रिंसिपल बताया। साथ ही ‘द सक्सेज प्वॉइंट’ नाम से व्हाट्सएप/सोशल मीडिया ग्रुप के माध्यम से ऑनलाइन कोचिंग संचालित करने की बात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने परीक्षा पास कराने के नाम पर छात्रा के परिजनों से धन लिया और एक अन्य छात्रा की फोटो का उपयोग कर फर्जी प्रवेश पत्र तैयार कराया। इसी प्रवेश पत्र के आधार पर वास्तविक परीक्षार्थी की जगह दूसरी छात्रा को परीक्षा दिलाई गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, कूट रचना और सार्वजनिक परीक्षा में प्रतिरूपण कराने के आरोप में कार्रवाई की है। मामले में सावित्री शिक्षा सदन, रावली महदूद की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक आशुतोष राणा, उपनिरीक्षक मन्दीप सिंह और कांस्टेबल विवेक गुसांई शामिल रहे।
एसएसपी हरिद्वार के निर्देशन में प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।


