हरिद्वार यूनिवर्सिटी में आज विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर एक विशेष गेस्ट लेक्चर एवं स्वास्थ्य जाँच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में सीनियर कंसल्टेंट डॉ. अजय भार्गव ने शिरकत की। उन्होंने मधुमेह के कारण, लक्षण, बचाव और उपचार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ छात्र-छात्राओं और संकाय सदस्यों को प्रदान कीं।

डॉ. भार्गव ने बताया कि नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, वजन नियंत्रण तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जाँच मधुमेह की रोकथाम में अहम भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में नर्सिंग प्रिंसिपल प्रो. जिया सजीव ने भी विश्व मधुमेह दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला और छात्रों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।

स्वास्थ्य शिविर के दौरान छात्रों और स्टाफ के ब्लड प्रेशर, वजन तथा RBC जाँच की गई। शिविर का उद्देश्य युवाओं में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना और स्वास्थ्य समस्याओं की प्रारंभिक पहचान करना था।
कार्यक्रम के सफल संचालन में असिस्टेंट प्रोफेसर संजय सैनी, सोनिया चौधरी, प्रशांत राय, नर्सिंग ट्यूटर मानसी मौर्या, मधुरी कुमारी तथा पूरी नर्सिंग टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
हरिद्वार यूनिवर्सिटी द्वारा किया गया यह प्रयास छात्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है। संस्थान ने भविष्य में भी ऐसे उपयोगी कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई है।


