रुड़की। नगर और आस-पास के क्षेत्रवासियों के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक और गर्व से भर देने वाला रहा, जब लखनऊ से सहारनपुर तक चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव रुड़की रेलवे स्टेशन पर सुनिश्चित किया गया। इस निर्णय से न केवल हरिद्वार जिले के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी, बल्कि पश्चिमी उत्तराखंड के विकास को भी नई गति मिलेगी।
इस मौके पर सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे विभाग लगातार आधुनिकता और यात्री सुविधाओं की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठा रहा है। उन्होंने कहा कि वंदे भारत जैसी अत्याधुनिक ट्रेन का रुड़की में ठहराव होना इस बात का प्रतीक है कि अब छोटे और मध्यम शहर भी देश के तेज़ विकास पथ पर समान रूप से भागीदार बन रहे हैं।
राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी ने कहा कि वंदे भारत का ठहराव न केवल यात्रियों के लिए सुविधा बढ़ाएगा, बल्कि रुड़की के औद्योगिक, शैक्षणिक और पर्यटन क्षेत्रों को भी नई दिशा देगा।

भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह और राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है और इससे क्षेत्र के विकास को नई ऊर्जा मिलेगी।

इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह, सागर गोयल, रेलवे स्टेशन अधीक्षक अरुण कुमार, वाणिज्य निरीक्षक अजय तोमर, डॉ. अजय सुयाल, मनीष पाठक, रेलवे विभाग के अधिकारीगण, रेलवे बोर्ड सदस्य प्रदीप कुमार, पूजा नंदा, धर्मवीर पिंकी, भाजपा नेत्री रश्मि चौधरी, अभिषेक चंद्रा, सौरभ गुप्ता, भीम सिंह, पवन तोमर, प्रवीण संधू, अशोक आर्य, सुमित अग्रवाल, राजन गोयल, अनुराग त्यागी, गौरव कौशिक, अरविंद गौतम, एडवोकेट नवीन जैन, आशीष पंडित, सावित्री मंगला, अनुज अत्रे, रमेश भटेजा, सचिन गोदियाल, प्रमोद कुमार, निशिकांत गोयल व अनीस अहमद सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


