मंगलौर। सोनी रोड़। लिब्बरहेड़ी सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड की प्रबंध समिति की बैठक आज समिति कार्यालय में अध्यक्ष नीशू राठी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में किसानों के हित से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया और सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

बैठक में गत बैठक की कार्यवाही की पुष्टि, समिति के आय-व्यय का अनुमोदन, चीनी मिलों से विकास अंशदान प्राप्त कराने, आगामी वर्ष के लिए कृषक सदस्यों का सामूहिक दुर्घटना बीमा कराने, उर्वरक ढुलाई व्यवस्था करने और समिति मुख्यालय भवन के लिए प्राक्कलन तैयार करने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
अध्यक्ष नीशू राठी ने कहा कि “किसान हित सर्वोपरि है। हमारी प्राथमिकता गन्ना किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना, समय पर उर्वरक उपलब्ध कराना, गन्ना पर्ची जारी करना और भुगतान समय पर सुनिश्चित करना है।” उन्होंने ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक और सचिव को निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए तथा उर्वरकों की आपूर्ति समय पर सुनिश्चित की जाए।
बैठक में उपाध्यक्ष विनोद कुमार, संचालक पवन सैनी, अनुराग राठी, अंगूरी देवी, सुनील कुमार, बीरबाला, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक आदित्य कुमार, सचिव प्रभारी अनंत सिंह, लेखा खंड प्रभारी राजकुमार, स्थापन खंड प्रभारी पंकज कुमार, सप्लाई खंड प्रभारी विमलेश कुमार एवं अंकित कुमार वशिष्ठ मौजूद रहे।


