रुड़की, 4 जून 2026। सोनी रोड़
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर फायर स्टेशन रुड़की की टीम ने गुरुवार को क्षेत्र के विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट, बार एवं अन्य जनसहभागिता वाले संस्थानों में विशेष अग्नि सुरक्षा निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान अग्निकांड की संभावित घटनाओं को रोकने तथा जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संस्थानों का गहन फायर ऑडिट किया गया।

निरीक्षण के दौरान टीम ने आपातकालीन निकास मार्ग (इमरजेंसी एग्जिट), अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था, प्राथमिक अग्निशमन यंत्रों की कार्यक्षमता एवं वैधता तथा अग्निशमन अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) की जांच की। साथ ही यह भी परखा गया कि संस्थानों में स्थापित सुरक्षा उपकरण सही स्थिति में कार्य कर रहे हैं या नहीं।

फायर विभाग की टीम ने संस्थानों के संचालकों को अग्निशमन उपकरणों को हमेशा क्रियाशील अवस्था में रखने तथा कर्मचारियों को नियमित रूप से अग्निशमन संबंधी अभ्यास (फायर ड्रिल) कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिन संस्थानों में सुरक्षा संबंधी अनियमितताएं पाई गईं, उन्हें नोटिस एवं सुझाव पत्र जारी करते हुए निर्धारित समयावधि में कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए।
फायर विभाग ने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा के दृष्टिगत ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जनहानि और संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।


