सौरभ भूषण शर्मा भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के ‘राष्ट्रीय संगठन मंत्री’ मनोनीत
रुड़की/वृंदावन।सोनी रोड।व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार सक्रिय रहने वाले रुड़की के युवा व्यापारी नेता सौरभ भूषण शर्मा को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। वृंदावन (उत्तर प्रदेश) में आयोजित भारतीय उद्योग व्यापार मंडल (भारत) के “राष्ट्रीय अधिवेशन एवं व्यापारी शंखनाद समागम” में उन्हें संगठन का राष्ट्रीय संगठन मंत्री मनोनीत किया गया। उनके मनोनयन पर उत्तराखंड सहित देशभर के व्यापारियों में खुशी का माहौल है।
समारोह में संगठन के राष्ट्रीय वरिष्ठ महामंत्री मुकुंद मिश्रा ने कहा कि सौरभ भूषण शर्मा का व्यापारियों के प्रति समर्पण और संगठनात्मक क्षमता प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व से संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊर्जा मिलेगी।
वहीं राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश महामंत्री (उत्तराखंड) प्रकाश चंद मिश्रा ने कहा कि रुड़की प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिला अध्यक्ष के रूप में सौरभ भूषण शर्मा ने धरातल पर प्रभावी कार्य किए हैं और यह जिम्मेदारी उनके कार्यों का सम्मान है। उन्होंने विश्वास जताया कि अब वे उत्तराखंड के व्यापारियों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूती से उठाएंगे।
अपनी नियुक्ति पर सौरभ भूषण शर्मा ने राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं बल्कि देशभर के उन व्यापारियों का सम्मान है जो हर चुनौती के बीच देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे पूरी निष्ठा के साथ संगठन की जिम्मेदारी निभाते हुए व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करेंगे।
जिला महामंत्री विभोर अग्रवाल ने कहा कि सौरभ भूषण शर्मा का राष्ट्रीय संगठन मंत्री बनना पूरे रुड़की नगर और उत्तराखंड के व्यापारियों के लिए गर्व का विषय है।
इस दौरान देशभर से आए व्यापारी नेताओं ने सौरभ भूषण शर्मा को पुष्पगुच्छ एवं पटका पहनाकर शुभकामनाएं दीं।
समारोह में मुख्य रूप से राष्ट्रीय महामंत्री प्रकाश मिश्रा, प्रदेश सह कोषाध्यक्ष विष्णु शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष माधव सेमवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय मंत्री राकेश कुमार डिमरी, वीरेंद्र राणा, प्रेम बल्लभ खंडूरी, जिला महामंत्री विभोर अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष प्रमोद रस्तोगी, योगेश गर्ग, जिला मंत्री राकेश बजाज, संजय, रमन वर्मा, अरविंद शर्मा, गौरव सिंगघ सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
समागम के अंत में सभी ने “व्यापारी एकता जिंदाबाद” के नारों के साथ सौरभ भूषण शर्मा के सफल कार्यकाल की कामना की।

