रुड़की। सोनी रोड़।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के छात्र-छात्राओं के ‘हंसी अभियान’ के अंतर्गत उत्तराखंड महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्षा रोमा सैनी द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ सेनेटरी पैड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस दौरान रोमा सैनी ने महिलाओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस अवधि में साफ और सुरक्षित सेनेटरी पैड का उपयोग करना चाहिए तथा हर 4 से 6 घंटे में पैड बदलना आवश्यक है। साथ ही व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखते हुए दिन में कई बार हाथ धोना, जननांगों की साफ-सफाई बनाए रखना, साफ और आरामदायक कपड़े पहनना, पर्याप्त पानी पीना और पौष्टिक आहार लेना भी जरूरी है।
उन्होंने महिलाओं को हल्का व्यायाम करने और तनाव कम करने के लिए मेडिटेशन या गहरी सांस लेने जैसी गतिविधियों को भी अपनाने की सलाह दी।
इस अवसर पर हंसी अभियान के तहत रोमा सैनी द्वारा 8000 सेनेटरी पैड का निःशुल्क वितरण ग्राम शंकरपुरी, ब्रह्मपुर, कान्हापुर, किशनपुर, बेलड़ा, बेलड़ी, कमालपुर सैनी बास, हकीमपुर तुर्रा, जाधवपुरी, सरस्वती विहार, सुनहरा और नंद विहार सहित विभिन्न गांवों में किया गया।
कार्यक्रम में सरस्वती विहार से रीना सिंह, कविता कश्यप, नीलम, जीनू चौधरी, बेलड़ा और हकीमपुर तुर्रा से कविता, कल्पना, नीता, गीता, पूजा, सविता सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं।
ग्रामीण क्षेत्रों में सेनेटरी पैड वितरण से महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सभी महिलाओं ने इस पहल के लिए रोमा सैनी और आईआईटी रुड़की के छात्रों का आभार व्यक्त किया।


