रुड़की। नगर से होकर बहने वाली गंगनहर में समय-समय पर हो रही डूबने की दुःखद घटनाओं की रोकथाम को लेकर जनसुरक्षा के उद्देश्य से आज संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में दुर्घटना-प्रवण स्थलों पर ठोस और तकनीकी सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने सुझाव दिया कि नहर के संवेदनशील स्थानों पर दोनों किनारों पर मजबूत सुरक्षा रस्सियाँ अथवा स्टील वायर लगाए जाएँ, ताकि दुर्घटनावश गिरने की स्थिति में व्यक्ति सहारा लेकर स्वयं को सुरक्षित रख सके और बचाव कार्य में भी सुविधा हो। गहरे एवं तेज बहाव वाले क्षेत्रों का स्पष्ट चिन्हांकन कर चेतावनी बोर्ड लगाए जाने की मांग भी की गई।
इसके अतिरिक्त, निर्धारित दूरी पर लाइफबॉय एवं अन्य जीवनरक्षक उपकरण स्थापित करने, उच्च क्षमता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा दुर्घटना-प्रवण क्षेत्रों में रेलिंग/बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने का सुझाव दिया गया। तकनीकी एवं नवाचार आधारित सुरक्षा उपाय विकसित करने के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के विशेषज्ञों के सहयोग का प्रस्ताव भी रखा गया।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री अक्षय प्रताप सिंह, मंडल अध्यक्ष गुरजेंद्र सिंह रिंकू, आशीष अरोड़ा, आदित्य शर्मा, विभोर खन्ना सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने जनहित में इन प्रस्तावों पर शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।


