लक्सर। कोतवाली लक्सर पुलिस ने ग्राम रणसुरा में गन्ने के खेत में चल रही गौकशी की सूचना पर गुरुवार (26 फरवरी 2026) को फौरी छापेमारी कर दो गायों को सकुशल मुक्त कराया। मौके से करीब डेढ़ कुंतल गौमांस व अन्य पशु अंग बरामद किए गए। पुलिस को देखते ही आरोपित फरार हो गए, जिनकी तलाश में दबिश जारी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम रणसुरा स्थित एक घर के पीछे गन्ने के खेत में गौकशी की सूचना मिली थी। छापेमारी के दौरान टीम को घटनास्थल से गौवंशीय पशु के चार पाये, लगभग 150 किलोग्राम लाल, गुलाबी व पीले चर्बीदार मांस के टुकड़े, एक खाल, एक जोड़ी जूते तथा पेड़ पर रस्सी से बंधी दो जीवित गायें मिलीं। दोनों गायों को मुक्त कर थाने लाया गया।
मौके पर बुलाए गए ब्लॉक बहादराबाद के पशु चिकित्साधिकारी ने प्रथम दृष्टया बरामद मांस को गौवंशीय बताया। इस आधार पर कोतवाली लक्सर में मुकदमा अपराध संख्या 195/26 अंतर्गत धारा 3, 5, 11 उत्तराखंड गौ संतान संरक्षण अधिनियम 2007 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि गौकशी में शामिल आरोपितों की पहचान की जा रही है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


