रुड़की। कोतवाली रुड़की पुलिस ने गैंगरेप के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर कोतवाली रुड़की में मुकदमा अपराध संख्या 31/2026 पंजीकृत किया गया था।

पुलिस के अनुसार दिनांक 07 फरवरी 2026 को पीड़िता द्वारा दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया कि मेहरबान पुत्र मकसूद निवासी ग्राम जौरासी ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और जबरदस्ती दुष्कर्म किया, जबकि उसके साथियों दानिश तथा अब्दुल रहमान उर्फ दुल्ला द्वारा पीड़िता की अश्लील वीडियो बनाई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए।
निर्देशों के अनुपालन में थाना प्रभारी कोतवाली रुड़की प्रदीप बिष्ट के नेतृत्व में उप निरीक्षक अंशु चौधरी की अगुवाई में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम द्वारा मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया, जिसके परिणामस्वरूप दिनांक 07 फरवरी 2026 को अभियुक्त मेहरबान पुत्र मकसूद एवं अब्दुल रहमान उर्फ दुल्ला पुत्र जमील को उनके निवास स्थान ग्राम जौरासी से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा अन्य नामजद अभियुक्तों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
मेहरबान पुत्र मकसूद, निवासी ग्राम जौरासी, कोतवाली रुड़की, जनपद हरिद्वार
अब्दुल रहमान उर्फ दुल्ला पुत्र जमील, निवासी ग्राम जौरासी, थाना रुड़की, जनपद हरिद्वार


