रुड़की। सोनी रोड।भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के डिज़ाइन इनोवेशन सेंटर ने “एमएसएमई इनोवेटिव (डिज़ाइन) योजना” विषय पर इंडस्ट्री–अकादमिक इंटरफेस के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम अजीत सिंहवी इंस्टीट्यूट चेयर प्रोफेसरशिप के तत्वावधान में 9 फरवरी 2026 को भगवानपुर, जनपद हरिद्वार में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का आयोजन आईआईटी रुड़की के डिज़ाइन विभाग, डीएफओ-एमएसएमई हल्द्वानी, सिडकुल मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (एसएमएयू) रुड़की चैप्टर तथा इंडियन इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन (आईआईए) रुड़की चैप्टर के सहयोग से किया गया।

इस योजना का उद्देश्य विनिर्माण क्षेत्र और डिज़ाइन विशेषज्ञता को एक साझा मंच पर लाकर उद्योगों की वास्तविक समय की डिज़ाइन समस्याओं का किफायती समाधान, नए उत्पाद विकास, सतत सुधार और मूल्य संवर्धन सुनिश्चित करना है।
प्रो. इंदरदीप सिंह, अधिष्ठाता (इन्फ्रास्ट्रक्चर) एवं समन्वयक, डिज़ाइन इनोवेशन सेंटर ने योजना की विस्तृत जानकारी दी और एमएसएमई इकाइयों से संवाद किया। वहीं प्रो. अपूर्ब्बा कुमार शर्मा, अध्यक्ष, डिज़ाइन विभाग ने “उद्यमों को उच्च प्रतिस्पर्धात्मकता, लाभप्रदता एवं स्थिरता की दिशा में रूपांतरित करना” विषय पर व्याख्यान दिया।
कार्यक्रम में एसएमएयू और आईआईए के पदाधिकारियों सहित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और योजना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। आयोजकों ने कहा कि इस पहल से उद्योगों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग को नई दिशा मिलेगी।


