सोलानी नदी के घाटों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सक्रिय, ज्ञापन के कुछ घंटों बाद अधिकारियों ने किया निरीक्षण
घाटों पर लगेंगी सुरक्षा रेलिंग और लोहे की चेन, सफाई, सौंदर्यीकरण, चेतावनी बोर्ड व लाउडस्पीकर लगाने के निर्देश
रुड़की। सोनी रोड़।सोलानी नदी के घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दुर्घटनाओं की रोकथाम की मांग पर प्रशासन ने त्वरित पहल की है। भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह द्वारा शुक्रवार सुबह संयुक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपे जाने के बाद शाम को ही संयुक्त मजिस्ट्रेट ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण में तहसील प्रशासन, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग के अधिकारी शामिल रहे। अधिकारियों ने नदी के विभिन्न घाटों पर सुरक्षा की स्थिति, दुर्घटना संभावित स्थानों और जरूरी सुधार कार्यों का जायजा लिया। घाटों पर मजबूत सुरक्षा रेलिंग लगाने, लोहे की चेन की व्यवस्था करने, नियमित सफाई और सौंदर्यीकरण के साथ चेतावनी बोर्ड, सुरक्षा मार्किंग और लाउडस्पीकर लगाने के निर्देश दिए गए।
भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह ने कहा कि सोलानी नदी के घाटों पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने के कारण पूर्व में कई दुखद दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इन घटनाओं को देखते हुए घाटों पर स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यकता है। उन्होंने पुलों से नीचे तक मजबूत लोहे की चेन लगाने का सुझाव दिया, ताकि दुर्घटनावश नदी में गिरने वाले व्यक्ति को आपात स्थिति में सहारा मिल सके।
सिंह ने कहा कि वर्तमान में नदी की सफाई और रखरखाव के लिए जल प्रवाह रोके जाने की अवधि सुरक्षा संबंधी निर्माण एवं सुधार कार्यों के लिए उपयुक्त है। ऐसे में संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर जल्द आवश्यक कार्य कराने चाहिए।
उन्होंने ज्ञापन पर त्वरित कार्रवाई के लिए संयुक्त मजिस्ट्रेट का आभार जताते हुए कहा कि प्रशासन ने सुबह ज्ञापन मिलने के कुछ ही घंटों के भीतर अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए निर्देश दिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन और संबंधित विभागों के संयुक्त प्रयासों से सोलानी नदी के घाटों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाया जा सकेगा।
अक्षय प्रताप सिंह ने कहा कि उद्देश्य केवल घाटों का सौंदर्यीकरण करना नहीं, बल्कि ऐसी स्थायी सुरक्षा व्यवस्था तैयार करना है, जिससे भविष्य में नदी में होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके और किसी परिवार को अपने प्रियजन को खोने का दर्द न झेलना पड़े।


