मंगलौर। वीर शौर्य क्रिकेट अकादमी पीरपुरा, मंगलौर के मैदान पर खेल मंत्रालय भारत सरकार एवं उत्तराखंड टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में अस्मिता महिला टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि गन्ना समिति लिब्बरहेड़ी की अध्यक्ष नीशू राठी ने किया।
उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि नीशू राठी ने महिला खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं और महिला सशक्तिकरण को नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं निडर होकर देश और समाज की सेवा कर रही हैं तथा यह प्रतियोगिता महिला खिलाड़ियों के खेल कौशल को निखारने में मील का पत्थर साबित होगी।

इस प्रतियोगिता में ग्रीन हिल स्कूल, आचार्य कुलम स्कूल, वीर शौर्य क्रिकेट अकादमी, नैनीताल, पतंजलि एवं डैफोडिल अकादमी की प्रतिभावान महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच ग्रीन हिल स्कूल एवं आचार्य कुलम स्कूल के बीच खेला गया। मैच के प्रारंभ में मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया।

कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव अमजद उस्मानी ने मुख्य अतिथि को पुष्प गुच्छ भेंट कर एवं बैच लगाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर अवतार सिंह, भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील राठी, अमजद उस्मानी, संजय तिवारी, अमित दानी, जुल्फिकार ठेकेदार, हरीश रावत, सुनीता अरोड़ा, आलोक द्विवेदी, इकरा सिद्दीकी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में उमेश कुमार, वसीम, मनीष, हिमांशु, हरमंथ दीप कौर, वाजिद, मीनाक्षी प्रिया एवं अब्दुल रहमान सहित अन्य सहयोगियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।


