अपशिष्ट सामग्री से छात्राओं ने बनाईं आकर्षक कलाकृतियां, मेहंदी प्रतियोगिता में भी दिखी प्रतिभा
श्री सनातन धर्म प्रकाश चन्द्र कन्या महाविद्यालय में दीपोत्सव प्रदर्शनी का आयोजन, ख्याति और नाजिया ने हासिल किया प्रथम स्थान
रुड़की, 28 अक्टूबर। श्री सनातन धर्म प्रकाश चन्द्र कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रुड़की में दीपावली के उपलक्ष्य में बीएससी एवं एमए विभाग की ओर से अपशिष्ट सामग्री से निर्मित कलाकृतियों की प्रदर्शनी और मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। छात्राओं ने अनुपयोगी वस्तुओं से आकर्षक कलाकृतियां बनाकर रचनात्मकता का परिचय दिया। कार्यक्रम में भाषण, कविता-पाठ और नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से दीपावली के महत्व को भी दर्शाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के सचिव सौरभ भूषण शर्मा, उपसचिव गोपाल गुप्ता और समिति सदस्य योगेश गर्ग ने प्रदर्शनी का फीता काटकर तथा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए छात्राओं की कलात्मक प्रतिभा और मेहनत की सराहना की।
प्रदर्शनी में छात्राओं ने अनुपयोगी एवं अपशिष्ट सामग्री का रचनात्मक इस्तेमाल कर सुंदर कलाकृतियां तैयार कीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और वस्तुओं के पुनः उपयोग का संदेश दिया गया। वहीं, मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने भारतीय, अरबी, पाकिस्तानी, पोर्ट्रेट और मंडला शैली की आकर्षक डिजाइन प्रस्तुत कीं।
महाविद्यालय के सचिव सौरभ भूषण शर्मा ने छात्राओं को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्राओं की प्रतिभा को निखारने के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने का माध्यम हैं। दीपावली अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने का संदेश देती है। उन्होंने छात्राओं को भविष्य में भी रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं स्ववित्तपोषित प्रभारी डॉ. मधु मेहरा ने कहा कि प्रत्येक छात्रा में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। जरूरत उसे पहचानने और निखारने की है। उन्होंने छात्राओं से अपनी रचनात्मकता और सकारात्मक सोच के माध्यम से समाज में योगदान देने का आह्वान किया।
प्रदर्शनी में इन छात्राओं ने मारी बाजी
प्रदर्शनी में एमए तृतीय सेमेस्टर की ख्याति ने प्रथम, एमए प्रथम सेमेस्टर की स्वाति ने द्वितीय तथा एमए तृतीय सेमेस्टर की जीनत और बीएससी प्रथम सेमेस्टर की सना ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। राजनीति विज्ञान की एमए तृतीय सेमेस्टर की नाजिया परवीन और बीएससी प्रथम सेमेस्टर की अनुष्का को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
मेहंदी प्रतियोगिता में नाजिया प्रथम
मेहंदी प्रतियोगिता में बीएससी प्रथम सेमेस्टर की नाजिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ड्राइंग विभाग की प्रथम सेमेस्टर की महक द्वितीय तथा राजनीति विज्ञान विभाग की तृतीय सेमेस्टर की शहरीन तृतीय स्थान पर रहीं
इस अवसर पर प्रवक्ता संदीपा, राधा, प्रियंका, फिरदौस, आंचल, शिवानी, अंजलि, तनु और ज्योति सहित महाविद्यालय की अन्य शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन उत्साह और सांस्कृतिक उल्लास के वातावरण में हुआ।


