रुड़की। सोनी रोड। अपना रिश्ता टूटने का गुस्सा, बहनों के चरित्र पर शक, संपत्ति विवाद और तीसरी बहन का घर उजड़ने का डर—इन वजहों ने विवेक उर्फ विक्की को अपनी ही दो सगी बहनों का कातिल बना दिया। मंगलवार शाम रुड़की में हुए डबल मर्डर और एक व्यक्ति को गोली मारने के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने वारदात से करीब एक सप्ताह पहले गणेशपुर और सुभाष नगर में रहने वाली अपनी दोनों बहनों की गतिविधियों पर नजर रखना शुरू कर दिया था। वह उनके आने-जाने का समय, रास्ते और दैनिक गतिविधियों की जानकारी जुटा रहा था। करीब दस दिन पहले उसका रिश्ता टूट गया था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी को लगता था कि बहनों की वजह से गांव में लोग उसे ताने देते हैं और इसी कारण उसकी शादी में भी अड़चन आ रही है।
पहले बड़ी बहन को बनाया निशाना
गणेशपुर निवासी करीब 50 वर्षीय संगीता मंगलवार शाम डॉक्टर के पास से ई-रिक्शा में अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान बाइक से पहुंचे उसके भाई विवेक उर्फ विक्की ने तमंचे से उस पर दो राउंड फायर किए। गोली लगने से संगीता की मौके पर ही मौत हो गई।
इसके करीब 10 से 15 मिनट बाद आरोपी सुभाष नगर की गली नंबर पांच स्थित अपनी दूसरी बहन पुष्पा के किराए के मकान पर पहुंचा। पुलिस के मुताबिक, पुष्पा करीब 42 वर्ष की थी। विवेक ने दरवाजा खुलते ही उस पर भी दो गोलियां चला दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बहन के साथ रह रहे व्यक्ति पर भी चलाई गोली
दोनों बहनों की हत्या के बाद आरोपी घर के अंदर पहुंचा और वहां संदीप निवासी छपार, मुजफ्फरनगर को भी गोली मार दी। गोली उसके कंधे में लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने घायल संदीप को अस्पताल पहुंचाया।
मुजफ्फरनगर से खरीदा था तमंचा
पुलिस जांच के अनुसार, विवेक ने वारदात को अंजाम देने के लिए मुजफ्फरनगर से करीब 10 हजार रुपये में तमंचा और कारतूस खरीदे थे। हथियार खरीदने के बाद वह मौके की तलाश में था। मंगलवार को उसने पहले से निगरानी के आधार पर दोनों बहनों को निशाना बनाया।
तीसरी बहन का घर उजड़ने का था डर
पुलिस के मुताबिक, बड़ी बहन संगीता काफी समय पहले अपने पति से अलग हो चुकी थी और उसका दूसरी बहन पुष्पा से अच्छा तालमेल था। पुष्पा भी अपने पति और बच्चों को छोड़कर संदीप के साथ रहने लगी थी। आरोपी को डर था कि दोनों बहनों की वजह से उसकी तीसरी शादीशुदा बहन का घर भी बर्बाद न हो जाए। इसी सोच और बहनों के चरित्र पर शक ने उसके भीतर आक्रोश बढ़ा दिया।
हालांकि पुलिस का कहना है कि संपत्ति विवाद के पहलू की भी जांच की जा रही है। अभी तक संपत्ति विवाद की स्पष्ट पुष्टि नहीं हुई है।
गांव से देर रात दबोचा गया आरोपी
वारदात के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए देर रात आरोपी को उसके गांव चुड़ियाला से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने भगवानपुर थाना क्षेत्र के चुड़ियाला गांव स्थित चूड़ामणि मंदिर के चौक से उसे पकड़ा। उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद किए गए। वारदात में इस्तेमाल बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।
पहले भी जेल जा चुका है विवेक
पुलिस के अनुसार, विवेक वर्ष 2023 में नकल विरोधी कानून के तहत जेल जा चुका है और करीब 13 महीने जेल में रहा था। पुलिस का कहना है कि आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के संपर्क में आने के बाद उसके व्यवहार में बदलाव देखा गया था। उसका बड़ा भाई इंजीनियर है और विवेक कभी उसके साथ रुड़की के मालवीय चौक के पास कोचिंग सेंटर भी चलाता था।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर हत्या में इस्तेमाल हथियार की खरीद, संपत्ति विवाद और वारदात से पहले की उसकी गतिविधियों समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


