मेजर (इं.) फणींद्र मिश्रा ने संभाला के.एल. पॉलिटेक्निक के प्राचार्य का पदभार
रुड़की। सोनी रोड़ । कन्हैया लाल पॉलिटेक्निक, रुड़की में मेजर (इंजीनियर) फणींद्र मिश्रा ने बुधवार को संस्थान के नए प्राचार्य के रूप में पदभार ग्रहण किया। उनके पदभार ग्रहण करने पर संस्थान में हर्ष का माहौल रहा और प्रबंध समिति, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं शहर के गणमान्य लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।

मेजर फणींद्र मिश्रा का शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अनुभव अत्यंत समृद्ध रहा है। संस्था में वर्तमान नियुक्ति से पूर्व उन्होंने भारतीय सेना, भारतीय रेलवे तथा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में सेवाएं दीं। वर्ष 2004 में उन्होंने के.एल. पॉलिटेक्निक, रुड़की के सिविल इंजीनियरिंग विभाग में प्रवक्ता के रूप में कार्यभार संभाला था। अपने अनुशासन, कर्मठता और शैक्षिक उत्कृष्टता के कारण उन्होंने संस्थान में विशिष्ट पहचान बनाई।

मेजर मिश्रा को उत्कृष्ट एनसीसी अधिकारी के रूप में महामहिम राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने पंजाब विश्वविद्यालय से एम.टेक. में स्वर्ण पदक प्राप्त किया है। इसके अलावा सिविल इंजीनियरिंग विषय पर उनकी लगभग दो दर्जन पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं, जो विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए उपयोगी मानी जाती हैं।
पदभार ग्रहण समारोह के अवसर पर प्रबंध समिति के अध्यक्ष विंग कमांडर मोहित कुमार गर्ग सहित संस्थान के शिक्षकों, कर्मचारियों एवं रुड़की शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने मेजर फणींद्र मिश्रा को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।


