रुड़की।सोनी रोड़।रोटरी क्लब ऑफ रुड़की मिडटाउन ने नए रोटरी वर्ष 2026-27 का शुभारंभ सेवा, सम्मान एवं आध्यात्मिक आस्था के साथ किया। इस अवसर पर क्लब ने सीए दिवस एवं डॉक्टर्स डे के उपलक्ष्य में क्लब से जुड़े प्रमुख चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और चिकित्सकों को सम्मानित कर समाज के प्रति उनके उल्लेखनीय योगदान को नमन किया।

कार्यक्रम में नवनियुक्त अध्यक्ष रोटेरियन अक्षय प्रताप सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंट्स देश की आर्थिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जबकि चिकित्सक मानव सेवा के सर्वोच्च उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि समाज के प्रति उनके समर्पण और उत्कृष्ट सेवाओं का सम्मान करना क्लब के लिए गर्व की बात है। उन्होंने अपने कार्यकाल की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प भी व्यक्त किया।

नए रोटरी वर्ष के पहले दिन क्लब की नई टीम ने अन्नपूर्णा दिवस के अवसर पर प्रेम मंदिर पहुंचकर जरूरतमंदों को भोजन वितरित किया। पदाधिकारियों ने कहा कि रोटरी का मूल उद्देश्य सेवा के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है और इसी भावना के साथ नए कार्यकाल की शुरुआत की गई है।

सायंकाल मां गंगा के चरणों में नए रोटरी वर्ष की सफलता, समाज के कल्याण एवं विश्व शांति की कामना के साथ भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। इस दौरान सभी सदस्यों ने सेवा, समर्पण और सामाजिक दायित्व के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष रोटेरियन अक्षय प्रताप सिंह ने सभी सदस्यों, सम्मानित अतिथियों, सहयोगियों एवं शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और विश्वास से क्लब नए रोटरी वर्ष में जनहित के अनेक प्रभावी एवं सार्थक सेवा प्रकल्प संचालित करेगा।
इस अवसर पर क्लब सचिव रोटेरियन अर्पित अग्रवाल, कोषाध्यक्ष रोटेरियन विवेक गुप्ता, पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रवि प्रकाश, हेमंत अरोड़ा, पवित्र अरोड़ा, पंकज गुप्ता, हिमांशु पुंडीर, केनेथ सैमुअल, राजेश गुप्ता, सुधीर चौधरी, रमेश रावल, इंदु रावल, डॉ. ऋषभ जैन, आशुतोष यादव, ए.सी. धिमान, मीनल धिमान, नेहा सिंह, श्वेता अग्रवाल, आरशी अरोड़ा, अक्षरा सिंह सहित क्लब के अनेक सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


