रुड़की। नगर के बीचों-बीच स्थित नेहरू स्टेडियम के प्रस्तावित कायाकल्प को लेकर शहर के व्यापारियों, समाजसेवियों एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने चिंता व्यक्त की है। इस संबंध में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा को ज्ञापन सौंपकर स्टेडियम के स्वरूप को पूर्ववत बनाए रखने की मांग की गई है।

ज्ञापन में कहा गया है कि नेहरू स्टेडियम रुड़की नगर का एकमात्र बड़ा खुला मैदान है, जहां वर्षों से धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होते रहे हैं। गरीब परिवारों के विवाह समारोह, धार्मिक कथाएं, सामाजिक बैठकें तथा श्री रामलीला समिति बीटी गंज द्वारा आयोजित होने वाला ऐतिहासिक दशहरा महोत्सव भी इसी मैदान में संपन्न होता है।
ज्ञापनकर्ताओं का कहना है कि यदि स्टेडियम का ऐसा कायाकल्प किया जाता है जिससे वहां केवल खेल गतिविधियां ही संचालित हो सकें, तो दशहरा महोत्सव सहित अन्य सामाजिक और धार्मिक आयोजनों के लिए उपयुक्त स्थान का संकट खड़ा हो जाएगा। नगर में ऐसा कोई अन्य बड़ा मैदान उपलब्ध नहीं है जहां इन कार्यक्रमों को स्थानांतरित किया जा सके।
उन्होंने मंत्री प्रदीप बत्रा से मांग की कि नेहरू स्टेडियम के विकास कार्यों में नगरवासियों की आवश्यकताओं का भी ध्यान रखा जाए और ऐसा स्वरूप बनाया जाए जिससे खेल गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन भी पूर्व की भांति होते रहें।
ज्ञापन पर महामंत्री सौरभ सिंघल, प्रदीप परुथी, मनोज अग्रवाल, शशिकांत अग्रवाल, दीपक शुक्ला, नवनीत गर्ग, शौर्य प्रताप सिंह, आकर्षित शर्मा, अमन अग्रवाल, नमन गोयल, आदित्य जैन, कुशाग गर्ग, आशीष अग्रवाल, राकेश गर्ग, बिट्टू शर्मा, विशाल गुप्ता, अजेश अग्रवाल, पंकज जैन, बंटी जैन और अनिकेत सहित अनेक लोगों के हस्ताक्षर हैं।


