रुड़की।सोनी रोड़।उत्तरांचल पंजाबी महासभा द्वारा कैबिनेट मंत्री उत्तराखंड सरकार श्री प्रदीप बत्रा की अध्यक्षता में एक भव्य सभा एवं मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से पंजाबी समाज के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत उत्तरांचल पंजाबी महासभा के अध्यक्ष श्री राजीव घई द्वारा कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा का पगड़ी, माला एवं प्रभु श्रीराम की प्रतिमा भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई। इस अवसर पर राजीव घई ने उपस्थित समाजजनों का अभिनंदन करते हुए महासभा के पुनर्गठन का प्रस्ताव भी सदन के समक्ष रखा।

समारोह को संबोधित करते हुए रुद्रपुर विधायक श्री शिव अरोरा ने उत्तराखंड सरकार में प्रदीप बत्रा को कैबिनेट मंत्री बनाए जाने पर हर्ष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। उन्होंने विभाजन के दौरान पंजाबी समाज द्वारा दिए गए बलिदानों का उल्लेख करते हुए 14 अगस्त को “विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस” के रूप में मनाए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
राज्यमंत्री श्री विश्वास डाबर ने पंजाबी समाज की एकजुटता को आवश्यक बताते हुए समाज को उचित प्रतिनिधित्व दिए जाने की मांग उठाई। वहीं दर्जा राज्यमंत्री दिनेश मानसेरा, दिलजीत सिंह सोढ़ी, काशीपुर मेयर दीपक बाली तथा देहरादून से डी.एस. मान सहित अन्य वक्ताओं ने पंजाबी संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन पर बल दिया।
कार्यक्रम में गदरपुर प्रमुख प्रीत ग्रोवर, डॉ. प्रदीप अदलखा, जगदीश लाल पाहवा, राजकुमार फुटेला, वीरेंद्र चड्ढा, गुरविंदर चंडोक, सुभाष सरीन, अंजू कक्कड़, त्रिलोक चंद्र अरोरा, चेतन अरोरा, मुकेश चावला, हेमंत नरूला, जी.एस. आनंद, पी.एस. कॉचर, प्रवीण सेठी, राजीव परनामी सहित बड़ी संख्या में समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि पंजाबी समाज अपनी मेहनत, लगन और संघर्षशीलता के लिए जाना जाता है तथा समाज की यह शक्ति उसकी एकजुटता से ही संभव है। उन्होंने उत्तरांचल पंजाबी महासभा के पुनर्गठन के प्रस्ताव पर सहमति व्यक्त की।
बैठक में पंजाबी समाज के विधायकों और मेयरों की एक संरक्षक समिति के साथ सात सदस्यीय समिति के गठन पर भी सहमति बनी। इस समिति में करण मल्होत्रा, हरीश जल्होत्रा, राजीव सच्चर, डी.एस. मान, राजकुमार फुटेला, दिनेश मानसेरा और राज ओबेरॉय को शामिल किया गया। यह समिति महासभा के पुनर्गठन, संरचना एवं आगामी गतिविधियों की रूपरेखा तय करेगी।
कार्यक्रम के अंत में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि आज की बैठक समाज की एकता, विकास और सकारात्मक सोच की नई दिशा तय करेगी, जो अन्य समाजों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने स्वयं को समाज के प्रति समर्पित बताते हुए अपने आवास को “पंजाबी भवन” की संज्ञा दी और सभी से समाजहित में सक्रिय रहने का आह्वान किया।


