रुड़की। क्वाड्रा इंस्टिट्यूट ऑफ आयुर्वेद में बीएएमएस बैच 2025 के नवप्रवेशी छात्रों के स्वागत हेतु बीएएमएस बैच 2024 द्वारा एक भव्य, सुव्यवस्थित एवं प्रेरणादायक फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ने मनोरंजन के साथ-साथ अनुशासन, संस्कार एवं शैक्षणिक उत्कृष्टता का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री नरेंद्र सिंह एवं पूर्व जॉइंट निदेशक श्री आनंद भारद्वाज मुख्य एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर संस्थान के सचिव डॉ. रकम सिंह, निदेशक डॉ. ऋषभ जैन, कोषाध्यक्ष अकलंक जैन, प्राचार्य श्री जितेंद्र कुमार, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अतिथियों का पारंपरिक रूप से पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया।
छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत शास्त्रीय एवं आधुनिक नृत्य, मधुर संगीत, रैम्प वॉक एवं विविध रचनात्मक गतिविधियों ने सभागार को ऊर्जा और उत्साह से भर दिया।

मुख्य अतिथि श्री नरेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आयुर्वेद भारतीय ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जिसकी वैश्विक आवश्यकता निरंतर बढ़ रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से अध्ययन के साथ चरित्र निर्माण, अनुशासन एवं सेवा भावना को अपनाने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि श्री आनंद भारद्वाज ने छात्रों को लक्ष्य के प्रति समर्पण एवं निरंतर परिश्रम का संदेश दिया।
संस्थान के सचिव डॉ. रकम सिंह ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि संस्कार, आत्मविश्वास एवं व्यावसायिक दक्षता विकसित करना है। निदेशक डॉ. ऋषभ जैन ने संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं आधुनिक सुविधाओं पर प्रकाश डाला। प्राचार्य श्री जितेंद्र कुमार ने नवप्रवेशी छात्रों को अकादमिक अनुशासन एवं गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व से अवगत कराया।
फ्रेशर पार्टी के विभिन्न चरणों के आधार पर अमन गौर को मिस्टर फ्रेशर एवं मनिषा शर्मा को मिस फ्रेशर घोषित किया गया। इसके अतिरिक्त करन प्रताप सिंह गोहर (मिस्टर कोमिक), सिया अग्रवाल (मिस कोमिक), गुरूप्रीत सिंह (मिस्टर मनोरंजन) एवं श्वेता कुमारी (मिस मनोरंजन) को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं सामूहिक छायाचित्र के साथ हुआ। यह आयोजन नए एवं वरिष्ठ छात्रों के बीच समन्वय, सहयोग और आत्मीयता को सुदृढ़ करने वाला एक यादगार अवसर सिद्ध हुआ।


