रुड़की, 6 जून। कोतवाली गंगनहर पुलिस ने नाबालिग लड़की का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में फरार चल रहे ₹5000 के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली गंगनहर क्षेत्र के एक व्यक्ति द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर सलमान पुत्र इसरार निवासी लाठर देवा शेख, थाना झबरेड़ा, जनपद हरिद्वार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि उसने वादी की नाबालिग बहन को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी रुड़की तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गंगनहर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ-साथ डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपी की तलाश शुरू की।
लगातार प्रयासों के बावजूद आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग रहा था, जिसके चलते उसकी गिरफ्तारी पर ₹5000 का इनाम घोषित किया गया। पुलिस द्वारा उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी।
आखिरकार शनिवार को गंगनहर पुलिस ने आरोपी सलमान को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।


