रुड़की। शहर की चरमराती व्यवस्थाओं और प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को कांग्रेस पदाधिकारियों ने संयुक्त मजिस्ट्रेट (एसडीएम) रुड़की को एक नोटिस सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों के भीतर जनसमस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस प्रशासन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करेगी।
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष एडवोकेट राजेंद्र चौधरी ने कहा कि समय-समय पर प्रशासन को शहर की समस्याओं से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की उदासीनता के कारण शहर की जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान हो रही है।

कांग्रेस ने नोटिस के माध्यम से प्रशासन के सामने पांच प्रमुख मांगें रखीं। इनमें शहर में रसोई गैस की किल्लत को दूर कर गैस आपूर्ति सुचारू करने, नगर निगम के सफाई कर्मियों की हड़ताल के कारण बिगड़ी सफाई व्यवस्था को तुरंत बहाल करने, नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच कराने, नए राशन कार्ड बनाए जाने और आयुष्मान योजना का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने की मांग शामिल है। इसके अलावा शहर में बढ़ते नशे के कारोबार और देह व्यापार पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग भी की गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि रुड़की में अपराध और अव्यवस्था बढ़ रही है। यदि तीन दिन के अल्टीमेटम के भीतर स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
एसडीएम को नोटिस देने के बाद महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी अपने पदाधिकारियों के साथ पड़ाव पहुंचे और वहां धरना दे रहे नगर निगम रुड़की के सफाई कर्मचारियों से मुलाकात कर उन्हें कांग्रेस पार्टी की ओर से समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि शहर की सेवा करने वाले सफाई कर्मियों का उत्पीड़न किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कांग्रेस पार्टी उनकी लड़ाई में पूरा सहयोग करेगी।
इस अवसर पर संजय तोमर उर्फ गुड्डू, वैभव सैनी, ब्लॉक अध्यक्ष रिजवान अहमद, नीरज सैनी, डॉ. हरविंदर सिंह, विशाल सहगल, ओमवीर सिंह मलिक, डॉ. परवेज आलम, इस्तखार, विकास त्यागी, सुनील शर्मा और हिमांशु चौधरी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


