रुड़की।
उन्नत भारत अभियान के अंतर्गत हरिद्वार विश्वविद्यालय में बुधवार को ‘स्वच्छोत्सव 2025’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन “स्वच्छता ही सेवा” थीम पर आधारित था, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छता का महत्व, व्यक्तिगत सफाई, पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त भारत जैसे विषयों पर जानकारी दी गई। वक्ताओं ने छात्रों को दैनिक जीवन में स्वच्छता को अपनाने और समाज को इस दिशा में जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत पोस्टर प्रतियोगिता और रंगोली प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसका विषय था “हरित, स्वस्थ भविष्य सभी के लिए”। इन प्रतियोगिताओं में विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मकता तथा सामाजिक संदेशों को चित्रों और रंगों के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतिभागियों द्वारा बनाए गए पोस्टरों और रंगोलियों ने स्वच्छ और हरित भारत की झलक पेश की।

इस अवसर पर डॉ. हिमांशु वर्मा, डॉ. रोहित कुमार, हिमाद्री फुकन, संदीप दरबारी, विशाल बालियान, मानसी मोर्य, सोफिया अंसारी, चरिता पंत, आकांक्षा मिश्रा, शालिनी शर्मा और काजल रावत सहित कई संकाय सदस्य एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
आयोजन को सफल बताते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि यह कार्यक्रम न केवल स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने में कारगर साबित हुआ, बल्कि छात्रों में सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा भी जगाई।


