रुड़की। उत्तराखंड किसान मोर्चा के चल रहे धरने के बीच आज ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की एवं गन्ना आयुक्त (Sugarcane Commissioner) धरना स्थल पर पहुंचे और किसानों से संवाद किया। अधिकारियों ने किसानों से त्योहारों के सीजन को ध्यान में रखते हुए धरना स्थगित करने की अपील की तथा आश्वासन दिया कि किसानों के लंबित भुगतान को लेकर मिल प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कहा कि यदि गन्ना बकाया भुगतान शीघ्र नहीं किया गया तो मिल प्रबंधन के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जाएंगे। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन की प्राथमिकता किसानों का हक दिलाना है।
इस दौरान यह भी निर्णय लिया गया कि इकबालपुर मिल के सेंटरों की समीक्षा बैठक के बाद सभी पुराने सेंटरों को समाप्त कर दिया जाएगा और उन्हें उत्तम शुगर मिल लिब्बरहेड़ी एवं लक्सर शुगर मिल को स्थानांतरित किया जाएगा।
उत्तराखंड किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलशन रोड ने जानकारी देते हुए कहा कि “त्योहारों को देखते हुए फिलहाल धरना 25 अक्टूबर तक स्थगित किया गया है। यदि तब तक किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होता, तो 25 अक्टूबर से धरना पुनः शुरू किया जाएगा।”
प्रशासन और किसान प्रतिनिधियों के बीच हुई इस वार्ता से किसानों में उम्मीद जगी है कि आगामी दिनों में उनका गन्ना भुगतान शीघ्र किया जाएगा।


